
जानकारी देते पुलिस अधिकारी, (Pc- Ballia Police X)
Ballia Crime News: बलिया में दो सगे भाइयों पर जमीनी विवाद में चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। वहीं, एक की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे भाई को इलाज के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। घटना बेल्थरा रोड स्थित उभाव थाना इलाके के सोनाडीह गांव की है। बताया जा रहा है कि चाकू से किए गए इस हमले में अमरेश बहादुर सिंह (46) की इलाज के दौरान मऊ के अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, मंजेश सिंह (35) को गंभीर हालत में वाराणसी रेफर किया गया है।
मामले की जानकारी होने के बाद परिजनों की तरफ से दी गई तहरीर के बाद पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, इस मामले में दो अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने बताया है कि अमरेश बहादुर सिंह और उनके भाई मंजेश सिंह का उनके ही पट्टीदारों से जमीन को लेकर वर्षों पुराना विवाद चल रहा है। गुरुवार की देर रात दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ाने के बाद मामला संवेदनशील हो गया।
आरोपों के मुताबिक, दूसरे पक्ष से रामकरण सिंह दोनों भाइयों को लगातार गालियां दे रहा था। इसी दौरान दोनों भाई उसे समझाने पहुंचे। बताया जा रहा है कि रामकरण सिंह और उसके परिवार के लोगों ने दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। अमरेश के पेट में चाकू लगा है, जबकि मंजेश भी बुरी तरीके से घायल हुआ है। हमले के बाद दोनों भाई जमीन पर गिर पड़े। घटना की जानकारी होने के बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण दोनों को मऊ रेफर कर दिया गया। वहीं, मऊ में इलाज के दौरान अमरेश बहादुर सिंह ने दम तोड़ दिया।
दूसरी तरफ मंजेश की हालत भी चिंताजनक बनी हुई थी, जिसको डॉक्टरों ने वाराणसी के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया है ग्रामीणों की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक की पुत्री की तरफ से तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में नामजद दो आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर दिया गया है।
Updated on:
11 Sept 2026 10:09 am
Published on:
11 Sept 2026 10:09 am
