
मारपीट में बच्चे के टूटे 3 दांत, PC-Facebook
आगरामें मशहूर यूट्यूबर पीयूष मल्होत्रा के बेटे के साथ स्कूल में एक बच्चे ने मारपीट की। मारपीट में दूसरे छात्र ने बच्चे के मुंह पर पंच मारे, जिससे पीयूष मल्होत्रा के बेटे के तीन दांत टूट गए। जबड़े में भी चोट आई।
आगरा के डीपीएस शास्त्रीपुरम स्कूल में शनिवार सुबह 10वीं कक्षा के दो छात्रों के बीच मारपीट हो गई। एक छात्र ने दूसरे छात्र के मुंह पर बार-बार पंच मारे, जिससे उसके तीन दांत टूट गए और जबड़े में गंभीर चोट आई। घायल छात्र के मुंह से खून बहने लगा और वह दर्द से चीखता रहा।
घायल छात्र विश्वराज मशहूर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर पीयूष मल्होत्रा का बेटा है। पीयूष मल्होत्रा ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए अपने बेटे का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने लिखा, 'यह डीपीएस आगरा है। मेरे बच्चे का यह हाल हुआ है। पूरा मुंह खत्म हो गया।'
पीयूष मल्होत्रा ने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े सात बजे स्कूल से फोन आया कि उनके बेटे को हल्की चोट लग गई है, उसे ले जाने को कहा गया। जब वे स्कूल पहुंचे तो देखा कि बेटे के मुंह से खून निकल रहा था। स्कूल की आया बस उसे पकड़कर बैठी थी और मुंह में रूई ठूंस दी गई थी। फर्स्ट एड तक नहीं दी गई। बच्चा दर्द से चिल्ला रहा था, लेकिन स्कूल प्रशासन ने उसे डॉक्टर को दिखाने की बजाय फोन पर कह दिया कि बच्चे को ले जाइए।
पीयूष मल्होत्रा ने आगे आरोप लगाया कि प्रिंसिपल ने घायल बच्चे का हाल-चाल तक नहीं पूछा। उन्होंने कहा, 'स्कूल लाखों रुपये फीस लेता है, लेकिन बच्चों की सुरक्षा और देखभाल पर थोड़ा भी ध्यान नहीं देता। पैरेंट्स को सिर्फ दुधारू गाय समझा जाता है।'
घटना के बाद घायल छात्र को आगरा के 'यथार्थ हॉस्पिटल' में भर्ती कराया गया, जहां उसका ऑपरेशन चल रहा है। पीयूष मल्होत्रा ने आरोपी छात्र के खिलाफ सिकंदरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
एसीपी एत्मादपुर अमीषा कुमारी ने बताया कि सिकंदरा थाने को सूचना मिली थी कि डीपीएस स्कूल में 10वीं कक्षा के दो छात्रों के बीच लड़ाई हो गई। एक छात्र को चोट आई है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पीयूष मल्होत्रा आगरा में मोबाइल की दुकान चलाते हैं और मोबाइल से जुड़े वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं। उनके फेसबुक पर करीब 2.5 मिलियन और इंस्टाग्राम पर 2.32 लाख फॉलोअर्स हैं।
Published on:
25 Apr 2026 07:11 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
