
Sant Ravidas Nagar Bhadohi:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भदोही जिले का नाम बदलकर 'संत रविदास नगर भदोही' करने की घोषणा की। उन्होंने यह ऐलान कारपेट एक्सपो मार्ट में 4 से 7 अक्टूबर तक चल रहे 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो के स्वर्ण जयंती संस्करण के शुभारंभ के मौके पर किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हमारा भदोही जिला 'संत रविदास नगर भदोही' के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने संत रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता का जिक्र करते हुए कहा कि संत ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां सभी को समान अवसर और सम्मान मिले। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है।
योगी ने इससे पहले 29 जुलाई 2026 को वाराणसी में भी भदोही का नाम 'संत रविदास नगर' करने की बात कही थी। खबरों के मुताबिक नाम बदलने की प्रशासनिक औपचारिकताएं अब शुरू की जा रही हैं।
भदोही जिले के नाम का इतिहास प्रदेश की राजनीति के साथ-साथ बदलता रहा है। 30 जून, 1994 को सबसे पहले मुलायम सिंह यादव की समाजवादी पार्टी सरकार ने वाराणसी से अलग कर इस क्षेत्र को 'भदोही' नाम से एक नया जिला बनाया था। इसके बाद 4 दिसंबर, 1997 को मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी की सरकार ने इसका नाम बदलकर महान संत के सम्मान में 'संत रविदास नगर' कर दिया था।
नाम बदलने का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। 12 नवंबर, 1999 को रामप्रकाश गुप्ता की तत्कालीन भाजपा सरकार ने जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए दोनों नामों को मिला दिया और जिले का नाम 'संत रविदास नगर भदोही' कर दिया। इसके बाद 6 दिसंबर, 2014 को अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी सरकार ने संत रविदास नगर का नाम हटाकर इसे फिर से सिर्फ 'भदोही' कर दिया था। अब 4 अक्टूबर, 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर दोनों नामों को जोड़कर जिले को 'संत रविदास नगर भदोही' नाम दिया है। इस तरह से जिले के गठन के बाद से अब तक कुल 5 बार इसका नाम बदला जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस नाम परिवर्तन का मुख्य उद्देश्य महान संत रविदास की महत्ता और समाज में उनके अमूल्य योगदान को मान्यता देना है। संत रविदास भारतीय समाज के एक ऐसे महान संत और कवि थे जिन्होंने हमेशा समानता, भाईचारे और समरसता का संदेश दिया। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने संत रविदास के विचारों को याद किया और उनके योगदान की जमकर सराहना की।