
Uttar Pradesh News: संसद में वंदे मातरम विधेयक को लेकर समाजवादी पार्टी ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि संसद से पारित हो चुके विधेयक को बार बार लाने की क्या जरूरत है। उन्होंने कहा कि पहले महिला आरक्षण विधेयक, इसके बाद पेपर लीक कानून में संशोधन किया गया और अब वंदे मातरम विधेयक को दोबारा लाया जा रहा है। वहीं, सपा सांसद आनंद भदौरिया ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार को अपराध और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर घेरा।
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि संसद से पहले ही पारित हो चुके वंदे मातरम विधेयक को दोबारा लाने की क्या जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार अब इसमें कुछ संशोधन कर इसे फिर से सदन में पेश कर रही है। डिंपल यादव ने पूछा कि आखिर एक ही विधेयक को बार-बार क्यों लाया जा रहा है? उन्होंने कहा कि पहले महिला आरक्षण विधेयक को दोबारा लाया गया। इसके बाद पेपर लीक कानून में संशोधन विधेयक फिर पेश किया गया और अब वंदे मातरम विधेयक को भी दोबारा लाया जा रहा है।
सपा सांसद आनंद भदौरिया ने भी उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों से उत्तर प्रदेश में किसकी सरकार है? भारतीय जनता पार्टी की, हर दिन हत्याएं होती हैं, हर दिन बलात्कार की घटनाएं सामने आती हैं और जाति के आधार पर एनकाउंटर किए जाते हैं। क्या आप इसे अपनी उपलब्धि मानते हैं। NCRB के आंकड़ों के अनुसार, महिलाओं के खिलाफ अपराधों में उत्तर प्रदेश नंबर एक पर है। हिरासत में होने वाली मौतों के मामलों में भी उत्तर प्रदेश नंबर एक पर है
सांसद डिंपल यादव ने उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर आप उत्तर प्रदेश आएंगे तो देखेंगे कि महिलाओं के खिलाफ अपराध की कितनी घटनाएं हुई हैं। हाथरस, गाजीपुर और ऐसी कई अन्य घटनाएं सामने आई हैं। पीड़ित परिवार और पीड़िताएं न्याय के लिए भटकने को मजबूर हैं। उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है, बल्कि उन्हें धमकियां दी जा रही हैं।