यूपी न्यूज

देश की तीसरी बड़ी पार्टी बनी सपा, शिवपाल यादव बोले- जनता ने भाजपा का तोड़ा अहंकार

उत्तर प्रदेश में सपा की बेहतरीन परफॉर्मेंस पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा अहंकार में थी और उत्तर प्रदेश की जनता ने उनका ये अहंकार तोड़ने का काम किया है।

2 min read
Jun 07, 2024

समाजवादी पार्टी के महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा है। उत्तर प्रदेश में सपा की बेहतरीन परफॉर्मेंस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अहंकार में थी और उत्तर प्रदेश की जनता ने उनका ये अहंकार तोड़ने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि सपा के कार्यकर्ता के खिलाफ अगर कोई झूठी शिकायत भी कर देता था तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाता था। इन सब के बाबजूद भी हमारी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन किया।

प्रदेश की जनता ने तानाशाही को हराने का काम किया है: शिवपाल यादव

भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इन लोगों ने तो चार सौ पार का नारा दिया था। उनका मकसद संविधान को बदलना, लोकतंत्र को खत्म करना और तानाशाही करना था। प्रदेश की जनता और सपा के कार्यकर्ताओं ने तानाशाही को हराने का काम किया है। ये जीत जनता और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की है।

केंद्र में पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए की नई सरकार के गठन पर उन्होंने कहा कि इस पर हम कुछ नहीं कहेंगे, लेकिन हां इतना जरूर कहेंगे कि इनका अहंकार टूट गया है।

हारी हुई सीट का करेंगे समीझा

37 सीटों के साथ सपा देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनने पर उन्होंने कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का हमेशा आशीर्वाद रहा है। हम लोग उनके आदर्शों पर चल रहे हैं। उनकी नीतियों का पालन करने और आदर्शों पर चलने के कारण ही हम लोगों ने भाजपा को हराया है। भाजपा को पीछे छोड़ा है और समाजवादी पार्टी आगे निकली है, जिन सीटों पर हमारे प्रत्याशी चुनाव नहीं जीते हैं, उन सीटों पर उनकी हार के कारणों की समीक्षा करेंगे।

Also Read
View All

अगली खबर