UP BJP: 13 दिसंबर को दोपहर एक से दो बजे के बीच प्रदेश मुख्यालय में नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। राष्ट्रीय महामंत्री और केंद्रीय पर्यवेक्षक विनोद तावड़े इस दौरान मौजूद रहेंगे।
UP BJP New President: उत्तर प्रदेश में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष का इंतजार अब जल्द ही खत्म होने वाला है। भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष का आधिकारिक ऐलान अब 14 दिसंबर को किया जाएगा। इसकी जानकारी संगठन चुनाव अधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने गुरुवार को दी। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया 13 दिसंबर को पार्टी के राज्य कार्यालय में आयोजित की जाएगी। नामांकन पत्र केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े की मौजूदगी में लिए जाएंगे, जबकि नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा केंद्रीय मंत्री और चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल करेंगे। मौजूदा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का कार्यकाल पूरा होने के बाद नए अध्यक्ष की कवायद कई महीनों से की जा रही रही। अब जल्द ही इस यूपी भाजपा को नया अध्यक्ष मिलने जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष की रेस में पिछले कई महीनों से कई नामों पर मंथन चल रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व ऐसा चेहरा चुनने की तैयारी में है, जो संगठन और सरकार दोनों में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन कायम रख सके। हाल ही में साध्वी निरंजन ज्योति की केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद संभावनाओं को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। 14 दिसंबर को यह स्पष्ट हो जाएगा कि उत्तर प्रदेश भाजपा का नया नेतृत्व किसे सौंपा जाएगा।
यूपी बीजेपी अध्यक्ष के लिए कई नामों की चर्चा तेज है। इसमें कई गद्दावर नेता शामिल हैं। पूर्व मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, के साथ ही स्वतंत्र देव सिंह, दिनेश शर्मा, रमाशंकर कठेरिया के नामों की चर्चा हो रही है। अब अध्यक्ष के नाम पर मुहर 14 दिसंबर को लग जाएगी। 13 दिसंबर को दोपहर एक से दो बजे के बीच प्रदेश मुख्यालय में नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। राष्ट्रीय महामंत्री और केंद्रीय पर्यवेक्षक विनोद तावड़े इस दौरान मौजूद रहेंगे। इसके बाद 14 दिसंबर को केंद्रीय चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल पूरी प्रक्रिया को संपन्न करते हुए नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा करेंगे।