वाराणसी

‘PM मोदी घबरा गए, BJP अब खत्म होने वाली है’, MLC नतीजों पर अजय राय का बड़ा बयान, बोले- अब पिंडरा विधानसभा सीट की तैयारी

Uttar Pradesh Politics: वाराणसी में कांग्रेस नेता अजय राय ने एमएलसी चुनाव के नतीजों पर पीएम मोदी के ट्वीट को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव नहीं लड़ा, फिर भी पीएम मोदी घबरा गए हैं। अजय राय ने 2027 के लिए पिंडरा सीट पर तैयारी की बात कही।
2 min read
• •
Updated: 29 Oct 2026, 9:43 AM IST
Varanasi latest news
यूपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय, (फाइल फोटो-ANI)

UP MLC Election: वाराणसी में कांग्रेस नेता अजय राय ने एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्वीट पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव लड़ा ही नहीं था और पार्टी मैदान में नहीं थी। इसके बावजूद पीएम मोदी घबरा गए हैं। अजय राय ने कहा कि BJP और PM मोदी अब पूरी तरह से खत्म होने वाले हैं। वहीं, 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने वाराणसी की पिंडरा सीट पर अपनी तैयारी के बारे में भी बात की।

अजय राय ने कहा कि मैं पूरी तरह से पिंडरा पर फोकस कर रहा हूं। यह वहां मेरे अपने परिवार जैसा है, मुझे हर जाति और समाज के हर वर्ग के सभी लोगों का आशीर्वाद और प्यार मिला है। मैंने वहां एक इंडिपेंडेंट कैंडिडेट के तौर पर चुनाव भी जीता है, बाद में, मैं कांग्रेस कैंडिडेट के तौर पर जीता।

यूपी में 11 में से 10 सीटों के नतीजे घोषित

उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों में से 10 के नतीजे सामने आ चुके हैं। इनमें भाजपा ने 6 और सपा ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की है। अब वाराणसी खंड स्नातक सीट पर नतीजे का इंतजार है, जहां सपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। इससे पहले भाजपा वाराणसी शिक्षक सीट भी गंवा चुकी है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में सपा की बढ़त को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। इस सीट के अंतिम नतीजे पर दोनों दलों की नजर बनी हुई है।

PM मोदी ने कांग्रेस पर कसा तंज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार राज्यों के चुनाव नतीजों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यूपी, महाराष्ट्र, बिहार व कर्नाटक जैसे चार बड़े राज्यों की 28 सीट पर विधान परिषद चुनाव हुए। चुनाव मतपत्रों से कराए गए। अंदाजा लगाइए कि कांग्रेस ने कितनी सीट जीतीं?प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद चुनाव नतीजों को लेकर राजनीतिक चर्चा और तेज हो गई। भाजपा ने कांग्रेस के प्रदर्शन को मुद्दा बनाया, वहीं विपक्ष ने उत्तर प्रदेश में सपा की जीत और वाराणसी के नतीजों को लेकर भाजपा को घेरने की कोशिश की।

लखनऊ वाले दिल्ली वालों का फोन नहीं उठा रहे हैं- अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वाराणसी में एमएलसी चुनाव के दौरान भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वाराणसी में हार से हताश भाजपा की हालत खराब है और लखनऊ वाले दिल्ली वालों का फोन नहीं उठा रहे हैं। अखिलेश यादव के इस बयान के जरिए सपा ने वाराणसी में अपनी बढ़त को भाजपा के लिए झटके के तौर पर पेश किया। दूसरी ओर, कांग्रेस ने मतपत्रों से आगे के चुनाव कराने की चुनौती भी दी है। एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर भी भाजपा और कांग्रेस के बीच पिछले कुछ दिनों से टकराव चल रहा है।

Updated on:
29 Oct 2026, 9:43 AM IST
Published on: