वाराणसी

‘बीजेपी वाले खुद ही बोरी डलवाकर सीवर से निकाल रहे’ अजय राय ने वाराणसी नगर निगम को सुनाई खरी-खरी

Varanasi Water Logging Controversy: वाराणसी में सीवर लाइन से बालू से भरी बोरी बरामद होने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने नगर निगम व मेयर पर जमकर निशाना साधा है..
2 min read
Sep 15, 2026
Ajay Rai
अजय राय (Photo -ANI)

Ajay Rai Statement on Varanasi Sand Bag Controversy:वाराणसी में सीवर लाइन से बालू से भरी बोरी बरामद होने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा काशी की गलियों में जल जमाव का वीडियो शेयर किए जाने के बाद अब कांग्रेस भी सत्ता पक्ष पर हावी होती नजर आ रही है। इस मामले में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि बीजेपी और वाराणसी के महापौर ने ही बोरियों को डलवाया होगा और उसे निकाल कर खुद ही अपनी पीठ थपथपा रहे हैं और विपक्ष को कोस रहे हैं।

विपक्ष को बदनाम करने की कोशिश: अजय राय

अजय राय ने सवाल उठाया है कि सीवर जाम था तो अचानक इस बात की जानकारी नगर निगम को कैसे हुई कि सीवर लाइन में बोरी डाली गई है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन को क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्पेशल टेक्नोलॉजी से जानकारी मिली है। क्या जिला प्रशासन को तुरंत ही सीसीटीवी के माध्यम से चेक कर दोषियों को सामने नहीं लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला सरकार और शहर के मेयर अशोक तिवारी की सोची समझी साजिश है और अपनी कमी छुपाने के लिए सीवर लाइन से बोरियों को निकाला गया है।

अजय राय ने नगर निगम पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि निगम और शहर के मेयर अशोक तिवारी अपनी नाकामी को छुपाने के लिए इस तरह सीवर से बोरियां निकालकर विपक्ष को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बालू से भरी बोरियों के बारे में मेयर और नगर निगम को कैसे जानकारी हुई। उन्होंने कहा कि उनके पास कौन सी ऐसी टेक्नोलॉजी थी जिससे पता चला कि विपक्ष ने सीवर में बोरियां डाल दी, जिसके बाद शहर में जल जमा हो गया। अजय राय ने कहा है कि भेलूपुर के शिवाला इलाके में स्थित अग्रवाल तिराहे पर 12 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और सभी त्रिनेत्र भवन के जरिए संचालित किए जाते हैं।

गोरखपुर की घटना पर उठाया सवाल

उन्होंने कहा कि यदि सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सरकार और निगम के पास है तो ऐसे में दोषियों पर कार्रवाई करने में देरी कैसे हो रही है। नगर निगम और मेयर को तो इस बात की जानकारी हो गई थी कि इस नाले में से बोरी निकलेगी तो अब किस बात की देरी है। क्या भाजपा अपनी कमी को छुपाने के लिए इस तरह के काम कर रही है। इसके साथ ही अजय राय ने गोरखपुर के नवनिर्मित श्मशान घाट पर दो अधिवक्ताओं की मौत के मामले में भी प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जब शमशान घाट का विकास कराया जा रहा था तो बीजेपी सांसद रवि किशन ने कहा था कि जिसे भी यहां जलाया जाएगा, वह सीधा स्वर्ग जाएगा। यह पूरी तरीके से एक शमशान घोटाला है। पहले भी बीजेपी ने ताबूत घोटाला किया और अब यह लोग कफन पर भी टैक्स लगा रहे हैं। सीधी भाषा में ये कफन चोर हैं।

Updated on:
15 Sept 2026 09:03 pm
Published on:
15 Sept 2026 09:03 pm