वाराणसी

सोशल मीडिया से हथियार तस्करी, एक के बाद एक वाराणसी पुलिस ने जोड़ी कड़ी, असलहे संग 7 गिरफ्तार

Varanasi Crime News : चोलापुर थाना पुलिस ने एसओजी के साथ संयुक्त रूप से अभियान चलाकर 7 असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया है...
2 min read
Jun 16, 2026
Arms suppliers arrested
पकड़े गए आरोपी, Pc-Patrika

Arms suppliers arrested in Varanasi : वाराणसी पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में वाराणसी पुलिस ने एक के बाद एक कड़ी को जोड़ा और एक बदमाश से दूसरे बदमाश तक के सफर को तय किया। इस मामले में 7 अभियुक्त गिरफ्तार हुए हैं, जिनके पास से असलहे की बड़ी खेप बरामद हुई है।

चोलापुर थाना पुलिस ने एसओजी के साथ संयुक्त रूप से अभियान चलाकर 7 असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से भारी मात्रा में पिस्टल, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। पूरे मामले का खुलासा करते हुए डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में से मुख्य सरगना अखिलेश उर्फ मोनू राजभर के ऊपर पुलिस सर्विलांस टीम के जरिए नजर बनाई हुई थी।

व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के माध्यम से होती थी खरीद-बिक्री

उन्होंने बताया कि अखिलेश व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के माध्यम से बिहार से असलहे मंगवाकर खरीदने और बेचने का काम किया करता था। डीसीपी ने बताया कि इस दौरान अखिलेश के साथ ही अरुण राजभर, हिमांशु कुमार, आशीष सिंह, विशाल सिंह, अनिकेत चौहान और नमन मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, ये हथियार किससे खरीदते थे, अभी इस बात की जानकारी नहीं हुई है और आगे किसे बेचा जाना था इस बात की भी जानकारी नहीं हो पाई है।

डीसीपी ने बताया कि पकड़ा गया मुख्य अभियुक्त अखिलेश कुमार ने एक विश्वविद्यालय से एमकॉम की पढ़ाई की है। इसके बाद उसने एक के बाद एक कई लोगों को अपने साथ जोड़ा। उन्होंने बताया कि अखिलेश के खिलाफ चोलापुर थाने में हिस्ट्री सीट भी खोली गई है। वहीं, हिमांशु उर्फ सनी के खिलाफ भी चोलापुर थाने में पूर्व में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है। डीसीपी ने बताया कि अखिलेश, अरुण और हिमांशु तीनों ही जेल में थे इस दौरान उनकी असलहा तस्करों से मुलाकात हुई थी, जिसके बाद वे बिहार से असला मंगा कर इसकी सप्लाई करने लगे।

60 हजार मे सौदा

डीसीपी ने बताया कि एक पिस्टल की कीमत करीब 60 हजार रुपए होती थी, जिन्हें वह आगे बेचा करते थे। पकड़े गए आरोपियों के पास से 32 बोर की एक रिवाल्वर, 7.65 एमएम की एक पिस्टल, 315 बोर का एक तमंचा, 9 एमएम की एक पिस्टल और बाइक बरामद हुई है। इसके साथ ही आरोपियों के पास से 14 कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया है कि इस मामले में और आगे तफ्तीश की जा रही है। जल्द ही इस मामले में कई और बड़े खुलासे से हो सकते हैं।

Updated on:
16 Jun 2026 12:18 pm
Published on:
16 Jun 2026 12:18 pm
Also Read
View All
सावन में कांवड़ियों का उत्साह हुआ दोगुना: पब्लिक अनाउंस सिस्टम से बज रहा शिव स्त्रोत, काशी में बुधवार से हुई शुरुआत

कोडिन कफ सिरप तस्करी का मास्टरमाइंड लाया जाएगा भारत, दुबई सरकार ने शुभम जायसवाल की गिरफ्तारी पर जताई सहमति

वाराणसी में कैंसर के मरीज ने अस्पताल की बिल्डिंग से कूदकर की आत्महत्या, लंबे समय से चल रहा था इलाज

क्राइम ब्रांच का कर्मी बनकर चांदी लूटने वालों का पुलिस से सामना, बनारस में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, SOG प्रभारी भी घायल

Ajay Rai BJP Statement: ‘मेरा बूथ का नारा देने वाले अपना बूथ भी नहीं बचा सके’, बांकीपुर उपचुनाव पर अजय राय का तंज