
Complaint Filed Against MP Sonia Gandhi: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' को लेकर शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के वाराणसी में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी के खिलाफ वंदे मातरम् का अपमान करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त को तहरीर दी गई है।
वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के तिलमापुर निवासी और पूर्व प्रधान नागेश्वर मिश्र ने 16 अगस्त को पुलिस आयुक्त को यह शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा है। उन्होंने अपनी शिकायत में सोनिया गांधी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने अपने आरोपों को साबित करने के लिए वीडियो फुटेज भी पुलिस को सबूत के तौर पर देने की बात कही है।
वहीं कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज किया। पार्टी की तरफ से कहा गया कि सोनिया गांधी उस समय पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी मांग रही थीं जो काफी देर से खड़े थे।
पूर्व प्रधान नागेश्वर मिश्र ने अपने शिकायती पत्र में कहा है कि 15 अगस्त को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में एक समारोह आयोजित किया गया था। उनका आरोप है कि समारोह के दौरान जब राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् गाया जा रहा था तब कथित तौर पर उसे बीच में ही रोकने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस दौरान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इशारा किया था जिससे उनकी और करोड़ों देशवासियों की राष्ट्रीय भावनाएं आहत हुई हैं।
नागेश्वर मिश्र ने पुलिस आयुक्त से इस पूरे मामले की गहनता से जांच करने और सोनिया गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने अपने शिकायती पत्र की एक प्रति सारनाथ थाने के प्रभारी निरीक्षक को भी सौंपी है। उनका कहना है कि राष्ट्रीय गीत और देश के सम्मान से जुड़े ऐसे गंभीर विषयों को कभी भी राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए बल्कि पूरी संवेदनशीलता के साथ इनका सम्मान होना चाहिए।
सोनिया गांधी के खिलाफ दी गई इस शिकायत से वाराणसी में राजनीतिक हलचल भी काफी तेज हो गई है। भाजपा से जुड़े नेता लगातार कांग्रेस और सोनिया गांधी पर हमलावर हैं। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो साक्ष्य की बारीकी से जांच की जाएगी। पुलिस की पूरी जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज की जाएगी या नहीं।