
Dalmandi Demolition In Varanasi: पूर्वांचल की सबसे बड़ी थोक मंडी 'दालमंडी' में इन दिनों बुलडोजर की गड़गड़ाहट और हथौड़ों की गूंज के बीच कई घर और दुकानें मलबे में तब्दील हो रही हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रास्ता सुगम बनाने की इस कवायद में जहां एक तरफ विकास की रफ्तार तेज है, वहीं दूसरी तरफ दशकों से यहां व्यापार कर रहे दुकानदारों और रहने वाले लोगों के चेहरे पर भविष्य की चिंता साफ देखी जा सकती है।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गुरुवार को प्रशासन की टीम यहां 12 भवनों को जमींदोज करने के लिए पूरी तैयारी के साथ उतरी। मुनादी कराने के बाद बुलडोजर से मकानों के धवस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।
पीडब्ल्यूडी विभाग के अभियंता केके सिंह ने बताया कि गुरुवार को 12 मकानों को तोड़ा जाना है, जिनमें तीन या चार मकान मालिकों ने खुद ही ध्वस्त कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि कुल 181 मकान थे जिनमें से 120 मकान को अब तक ध्वस्त किया जा चुका है। वहीं, आज 12 मकान पर ध्वस्तिकरण की कार्रवाई की जाएगी। उसके बाद कुल ध्वस्त हुए मकानों की संख्या 132 हो जाएगी। उन्होंने बताया कि मुआवजे के रूप में अब तक कुल 56 करोड़ रुपए की राशि भवन स्वामियों को बांटी जा चुकी है। धार्मिक स्थलों के ध्वस्थिकरण को लेकर लगातार जिला प्रशासन से मस्जिद कमेटियों की बातचीत चल रही है। उसका रास्ता भी जल्दी साफ हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में 6 मस्जिद आंशिक रूप से तोड़ी जाएगी, इसको लेकर विभाग क्षतिपूर्ति देगा।
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि कुल 12 भवन स्वामियों ने अपने मकान की रजिस्ट्री की है, जिसके बाद ध्वस्तिकरण की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पांच भवनों पर स्वयं मकान मालिकों ने कार्रवाई शुरू कर दी है, जिसके बाद बाकी बच्चे 7 मकान को जिला प्रशासन की टीम द्वारा गिराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में पैरामिलिट्री, पीएसी और कई थानों की फोर्स को सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया गया है। धार्मिक स्थलों पर कार्रवाई किए जाने को लेकर किसी तरह की अफवाह या अराजकता न फैले जाए इसको लेकर पुलिस सोशल मीडिया पर निगरानी बनाए हुए है। इसके साथ के मुखबिर तंत्र और इंटेलीजेंस की भी मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि कोई इस तरह की हरकत करने की कोशिश करता है तो तत्काल उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।