
Dev Dipawali News: काशी में होने वाली विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली में अब कुछ ही दिन शेष है। ऐसे में देश और विदेश से लाखों की संख्या में पर्यटक वाराणसी पहुंचते हैं। आलम यह है कि काशी के सभी होटल लगभग फुल हो चुके हैं। होटल में कमरे के लिए लोगों को जद्दोजहद करना पड़ रहा है। सिर्फ होटल ही नहीं विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती को देखने के लिए नाव की बुकिंग भी फुल हो चुकी है। 24 नवंबर को होने वाले इस आयोजन और काशी में पर्यटकों की उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए होटल मालिकों ने कमरों का रेट 5 से 10 गुना बढ़ा दिए हैं। बड़े और स्टार वाले होटल में एक कमरे का किराया एक लाख रुपए तक पहुंच गया है, जबकि सामान्य होटल में 45 से 50 हजार रुपए तक इसका किराया हो गया है।
काशी की देव दीपावली गंगा नदी के किनारे घाटों पर होती है। यहां गंगा किनारे होटल, गेस्ट हाउस, पेइंग गेस्ट हाउस और होमस्टे संचालकों ने भी कमरे का रेट बढ़ा दिया है। आलम यह है कि शहर के प्रमुख होटलों में कमरा खोजे जाने के बाद भी लोगों को कमरा किराए पर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है? ट्रैवल संचालकों ने 6 महीने पहले ही कमरा बुक कर लिए हैं। वहीं, अब कमरे नहीं मिलने से पर्यटक परेशान हो रहे हैं? गंगा घाट पर देव दीपावली को अद्भुत बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन को गंगा घाट के साथ सभी मंदिरों में भाग्य दीपोत्सव मनाने के लिए कहा है। इस बार 11 लाख दीपों से गंगा घाट जगमग किए जाएंगे और काशी की अद्भुत छटा देखने के लिए देश और विदेश से पर्यटक यहां पहुंचेंगे।
नाविक समाज के शंभू साहनी ने बताया कि काशी की देव दीपावली विश्व प्रसिद्ध होती है। ऐसे में गंगा नदी में इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए वोट और नाव की डिमांड काफी ज्यादा है। उन्होंने बताया कि पिछले 3 महीने से ही एडवांस बुकिंग चल रही है। आलम यह है कि बड़ी नाव और क्रूज पूरी तरह बुक हो चुके हैं। अब छोटी नाव के लिए भी मारामारी चल रही है। हालांकि छोटे नाव के संचालकों के पास अभी भी बुकिंग के लिए लोग पहुंच रहे हैं, लेकिन पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब बुकिंग बंद कर दी गई है। शंभू के मुताबिक, जो छोटी नाव बुकिंग के लिए बची हुई है उसमें क्षमता के मुताबिक ही पर्यटक बैठाए जाएंगे। बड़े बजड़े पर 5 से 6 लाख, मीडियम बजड़े पर 3 लाख रुपए तक की बुकिंग की गई है।
दूसरी तरफ पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए होटल संचालकों ने अपने स्तर से कई तरह की सुविधाएं तैयार की है। काशी के पारंपरिक खानपान की व्यवस्था के साथ ही संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और गंगा आरती के लिए विशेष पैकेज तैयार हुए हैं। संचालक इन पैकेज में नौका विहार, घाट दर्शन, सारनाथ भ्रमण और काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों की सैर को भी शामिल किया गया है। पर्यटकों को कम समय में शहर के प्रमुख स्थानों पर पहुंचने के लिए वाहन और स्थानीय गाइड की विशेष तौर पर सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।