
IIT-BHU News: वाराणसी स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (बीएचयू) में नए सत्र में दाखिले से पहले 60 सदस्यों की 6 नई कमेटियों का गठन किया गया है। ये कमेटी अनुशासनहीनता को रोकेंगी और हॉस्टल में सतर्कता को बढ़ाएंगी। इसके साथ ही रैगिंग की शिकायत की जांच करना भी कमेटियों का दायित्व होगा। ऐसे में यदि कोई छात्र रैगिंग करते हुए पाया जाता है, तो उसका नामांकन तक रद्द करने का अधिकार इन कमेटियों के पास होगा।
आईआईटी-बीएचयू की तरफ से गठित की गई कमेटी बिना किसी पूर्व सूचना के हॉस्टलों का निरीक्षण कर सकेगी और मेस में पकाने वाले भोजन की गुणवत्ता को भी चेक कर सकती है। संस्थान ने एंटी रैगिंग स्क्वायड कमेटी, हॉस्टल आवंटन कमेटी, हॉस्टल इंफ्रास्ट्रक्चर और मेंटेनेंस कमेटी, मेस आवंटन कमेटी और मेस अनुशासन व सतर्कता कमेटी का गठन किया है।
कुलसचिव कार्यालय (सामान्य प्रशासन) ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए इन कमेटियों के गठन को मंजूरी दे दी है। प्रोफेसर राकेश कुमार सिंह को पांच कमेटियों का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, हॉस्टल इंफ्रास्ट्रक्चर और मेंटिनेस कमेटी के अध्यक्ष प्रोफेसर पीएन लाल होंगे। इन कमेटियों में दो-दो छात्र प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है। सबसे बड़ी 13 सदस्यीय छात्रावास अनुशासन और सतर्कता कमेटी बनाई गई है। हॉस्टलों में अनुशासन, सतर्कता, सावधानी और व्यवस्थाओं की जांच यही कमेटी करेगी। जरूरत पड़ने पर कमेटी प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित किए बिना भी हॉस्टलों का निरीक्षण कर सकती है।
वहीं, रैगिंग को रोकने के लिए 12 सदस्यीय एंटी रैगिंग कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी छात्रावास परिसर में सतर्कता से निगरानी करेगी। इसके साथ ही रैगिंग से जुड़ी घटनाओं को रोकने का कार्य करेगी और इसमें जांच भी करेगी। हॉस्टल में रहने वाले छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाने का काम एंटी रैगिंग कमेटी को ही सौंपा गया है। वहीं, सात सदस्यीय हॉस्टल आवंटन कमेटी के अध्यक्ष प्रोफेसर राकेश कुमार सिंह होंगे। इसके साथ ही उपाध्यक्ष प्रोफेसर पीएम लाल और पांच सदस्यों के साथ दो छात्र प्रतिनिधि भी इस कमेटी में शामिल होंगे। इसकी जिम्मेदारी छात्रावास आवंटन करना है। साथ ही वार्डन आवास के लिए आवेदनों की जांच कर निदेशक को संस्तुति भेजने का काम भी यही कमेटी करेगी। वहीं, मेस और कैंटीन मॉनिटरिंग कमेटी हॉस्टलों के मेस में स्वच्छता, राशन और सब्जियों की गुणवत्ता और वस्तुओं की कीमत यदि की निगरानी करेगी।
सात सदस्यीय हॉस्टल इंफ्रास्ट्रक्चर और मेंटेनेंस कमेटी का अध्यक्ष प्रोफेसर पीएम लाल को बनाया गया है। इस कमेटी के माध्यम से हॉस्टल में निर्माण की जरूरत और मॉनिटरिंग संबंधी शिकायतों की जांच की जाएगी। इसके साथ यह कमेटी समय के भीतर काम करने के लिए संस्थान निर्माण विभाग के साथ-साथ स्थापित करेगी।