
Kashi Vishwanath Darshan Fraud: सावन के पहले सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच एक महिला श्रद्धालु ठगी का शिकार हो गई। मैसूर से दर्शन करने आई महिला से एक कथित दलाल ने जल्दी और सुगम दर्शन कराने का झांसा देकर 4 हजार रुपये ले लिए।
घटना के कुछ ही देर बाद वहां ड्यूटी पर मौजूद सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। परेशान महिला ने उन्हें पूरी घटना बताई और कहा कि दर्शन कराने के नाम पर उससे पैसे ले लिए गए हैं।
महिला की शिकायत के बाद इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने आसपास मौजूद दुकानदारों और लोगों से जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि बसंत पांडेय नाम का एक व्यक्ति महिला समेत चार श्रद्धालुओं से सुगम दर्शन कराने के नाम पर बातचीत कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस को आते देख आरोपी श्रद्धालुओं को गेट नंबर-4 के पास छोड़कर वहां से फरार हो गया। हालांकि बाद में पुलिस ने उसकी पहचान कर ली। आरोपी वाराणसी के चेतगंज इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद महिला श्रद्धालु के 4 हजार रुपये वापस दिलाए गए। इसके बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए चौक थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए किसी भी अनजान व्यक्ति या दलाल के झांसे में न आएं। दर्शन से जुड़ी सभी सुविधाओं की जानकारी केवल अधिकृत काउंटर या प्रशासन के आधिकारिक माध्यमों से ही लें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।