
Youth bitten near Kashi Vishwanath Temple: धर्म और आध्यात्मिक की नगरी काशी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पास एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि स्थानीय दुकानदारों ने बाइक सवार एक युवक की पिटाई कर दी। वहीं, वीडियो में एक महिला भी मौजूद है, जो हाथ जोड़कर लोगों से युवक को छोड़ देने की अपील करती नजर आ रही है। मामला काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट का होने के कारण पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंची और भीड़ से युवक को छुड़ाया।
जानकारी के मुताबिक, सावन की तीसरी सोमवारी पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी थी। इसी दौरान देर रात 11 बजे के आसपास एक युवक बाइक पर एक महिला को लेकर मंदिर के रास्ते से गुजर रहा था। बताया जा रहा है की बाइक सवार महिला युवक की पत्नी है। सड़क पर आगे जाने के बाद युवक की दुकानदारों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने लगा। इसी बीच एक दुकानदार ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। वहीं, युवक को पिटता देख आसपास के दुकानदार और भीड़ भी वह जुड़ गई और युवक की पिटाई करने लगी।
इस पूरे घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि इस दौरान युवक की पत्नी हाथ जोड़कर लोगों से उसके पति को छोड़ने की अपील करती नजर आ रही है। वीडियो में महिला के बार-बार मिन्नत करने के बावजूद भी लोग युवक की पिटाई कर रहे हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की नजर जब इस घटना पर पड़ी तो तुरंत उन्होंने पहुंचकर युवक को भीड़ के चंगुल से बचा लिया और बाहर निकाल लिया।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद से काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर दुकान लगाने वाले दुकानदारों की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। श्रद्धालुओं का आरोप है कि सामान रखने के नाम पर दुकानदार पहले मुफ्त सुविधा होने की बात करते हैं और बाद में मोटी रकम एठ लेते हैं। इसके साथ ही प्रसाद खरीदने का दबाव भी बनाते हैं। वहीं, इस पूरे मामले में चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि अभी तक दोनों पक्षों में से किसी भी पक्ष में लिखित तौर पर पुलिस को सूचित नहीं किया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित द्वारा शिकायत मिलने पर पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।