
Love Jihad in Varanasi: वाराणसी में लव जिहाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक मुस्लिम युवक ने हिंदू युवती से शादी की और बाद में उस पर जबरन धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगा। इस दौरान युवक ने उसे प्रताड़ित किया, जिसके बाद यह पूरा मामला पुलिस के पास पहुंचा है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पूरा मामला वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने लव जिहाद के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि युवक का असली नाम सलमान खान है और वह सन्नी बनकर रह रहा था। सिगरा थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि सलमान खान एक मैकेनिक है और वह अक्सर उसके यहां अपनी स्कूटी ठीक करने जाया करती थी। इसी दौरान सलमान ने झांसे में लेकर उसे प्रेम जाल में फंसा लिया।
महिला ने बताया है कि नाम पूछने पर आरोपी ने अपना नाम सनी बताया और उससे प्रेम विवाह कर लिया। महिला ने बताया कि वह पहले से तलाकशुदा थी और अकेले रहती थी। इसी वजह से वह उसके झांसे में आ गई। महिला के मुताबिक, 2015 से लेकर 2021 तक दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चला और 2021 में दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद महिला को पता चला कि उसका पति सन्नी नहीं बल्कि सलमान खान है, जिसके बाद उसने विरोध जताया।
आरोप है कि पिछले 2 साल से सलमान महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव डाल रहा था। सिर्फ सलमान ही नहीं बल्कि इस पूरे मामले में उसका परिवार भी शामिल था। महिला का आरोप है कि जब उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और उसके साथ मारपीट भी की गई।
इसी बीच महिला ने पुलिस का सहारा लिया और सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस की तफ्तीश में यह सामने आया है कि सलमान ने सन्नी नाम से फर्जी आधार कार्ड भी बनवा रखा था। इसके साथ ही शादी का रजिस्ट्रेशन कार्ड भी पुलिस के हाथ लगा है, जिसमें सन्नी ने अपने पिता का नाम मक्खन सिंह डलवा रखा था। जांच में खुलासा होने के बाद सिगरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जेल भेज दिया है।