20 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Love Jihad Debate: बंगाल बॉर्डर पर हिंदू शक्ति का महासंगम, 28 जून को बनगांव में जुटेंगे हजारों लोग

Vishva Hindu Raksha Parishad: विश्व हिन्दू रक्षा परिषद ने लखनऊ में प्रेस वार्ता कर धर्मांतरण, लव जिहाद और हिंदू उत्पीड़न के कई मामलों को उठाया। इसके सात ही विश्व हिन्दू रक्षा परिषद ने 28 जून को बनगांव में विशाल हिन्दू महासम्मेलन की घोषणा की है।

4 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Ritesh Singh

Jun 20, 2026

लखनऊ में VHRP का बड़ा दावा, धर्मांतरण और लव जिहाद के मामलों पर उठाई आवाज (फोटो सोर्स : भाषा संवाद WhatsApp News Group)

लखनऊ में VHRP ने धर्मांतरण और लव जिहाद के मामलों पर उठाई आवाज (फोटो सोर्स: भाषा संवाद WhatsApp News Group)

VHRP Raises Conversion Concerns: विश्व हिन्दू रक्षा परिषद (VHRP) ने शनिवार को राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान धर्मांतरण, कथित लव जिहाद और हिंदू उत्पीड़न से जुड़े कई मामलों को सार्वजनिक करते हुए बड़ा दावा किया। परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एवं रेल मंत्रालय, भारत सरकार के सदस्य सलाहकार गोपाल राय ने कहा कि संगठन लगातार देशभर में हिंदू समाज से जुड़े मामलों पर कार्य कर रहा है और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने घोषणा की कि 28 जून को पश्चिम बंगाल के बांग्लादेश सीमा से सटे बनगांव में एक विशाल हिन्दू महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।

बनगांव में होगा विराट हिंदू महासम्मेलन

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए गोपाल राय ने कहा कि विश्व हिन्दू रक्षा परिषद देश और विदेश में संगठन का विस्तार कर रही है। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में संगठन की सक्रिय भूमिका को देखते हुए आगामी दिनों में बनगांव में एक विशाल हिन्दू महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के प्रदेश अध्यक्ष स्वामी विशाखानंद तीर्थ महाराज करेंगे। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में हिंदू समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी और बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे। संगठन के कार्यकर्ता इसे हिंदू जागरूकता अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा मान रहे हैं।

विदेशों में भी संगठन का विस्तार

गोपाल राय ने बताया कि विश्व हिन्दू रक्षा परिषद ने कई देशों में अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। संगठन के अनुसार फ्रांस, बेल्जियम, नीदरलैंड, मलेशिया, ब्राजील, यूक्रेन, श्रीलंका और इंडोनेशिया सहित कई देशों में परिषद के प्रतिनिधि सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य विश्वभर में हिंदू समाज को एक मंच पर लाना और सांस्कृतिक तथा धार्मिक पहचान को मजबूत करना है।

दो लोगों की ‘घर वापसी’ का दावा

प्रेस वार्ता के दौरान परिषद ने दो व्यक्तियों की "घर वापसी" कराए जाने का दावा भी किया। संगठन के अनुसार गोंडा निवासी हमजा अली ने अपनी स्वेच्छा से हिंदू धर्म स्वीकार करते हुए अपना नाम हेमंत सिंह रखा। इसी प्रकार बाराबंकी निवासी शबनम बानो ने हिंदू धर्म अपनाने की घोषणा करते हुए अपना नया नाम संजना बताया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि दोनों व्यक्तियों ने बिना किसी दबाव के अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन किया है। इस दौरान धार्मिक रीति-रिवाजों और शुद्धिकरण की प्रक्रिया पूरी की गई।

लव जिहाद के मामलों को लेकर जताई चिंता

विश्व हिन्दू रक्षा परिषद ने प्रेस वार्ता में कथित लव जिहाद से जुड़े कई मामलों का भी उल्लेख किया। संगठन ने दावा किया कि लखनऊ, कानपुर और अन्य जिलों से ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें हिंदू युवतियों को प्रेम संबंधों के नाम पर धोखा देने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। संगठन ने कहा कि ऐसे मामलों में पीड़ित परिवारों की सहायता की जा रही है तथा संबंधित मामलों में कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस और प्रशासन से संपर्क किया जा रहा है।

नाबालिग लड़की को बरामद कराने का दावा

प्रेस वार्ता में संगठन ने दावा किया कि गोमती नगर क्षेत्र की एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में परिषद ने पुलिस के सहयोग से कार्रवाई कराई। संगठन के अनुसार बच्ची को नेपाल सीमा के पास से बरामद किया गया और वर्तमान में उसे सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। परिषद ने कहा कि ऐसे मामलों में समाज और प्रशासन दोनों को सजग रहने की आवश्यकता है ताकि नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

कानपुर की युवती ने लगाए गंभीर आरोप

प्रेस वार्ता में कानपुर की एक युवती का मामला भी सामने रखा गया। परिषद के अनुसार युवती ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान एक युवक से हुई, जिसने कथित रूप से अपनी पहचान छिपाकर उससे संबंध बनाए और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव डाला। संगठन ने कहा कि मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है और पीड़िता को कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच एजेंसियों द्वारा की जानी बाकी है।

बलरामपुर के मामले पर भी उठाए सवाल

विश्व हिन्दू रक्षा परिषद ने बलरामपुर जिले के एक गांव से जुड़े मामले को भी प्रमुखता से उठाया। संगठन ने आरोप लगाया कि वहां कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा गरीब परिवारों का उत्पीड़न किया जा रहा है और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जाता है।परिषद ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। संगठन ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उन्नाव की महिला ने सुनाई आपबीती

प्रेस वार्ता के दौरान उन्नाव जिले की एक महिला का मामला भी सामने आया। महिला ने कुछ लोगों पर उत्पीड़न, मारपीट और गंभीर अपराधों के आरोप लगाए। परिषद ने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए संगठन लगातार प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर रहा है। गोपाल राय ने कहा कि ऐसे मामलों में पीड़ितों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराना और उनकी आवाज प्रशासन तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है।

प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग

प्रेस वार्ता के दौरान संगठन ने विभिन्न मामलों में प्रशासन और पुलिस से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। परिषद का कहना है कि यदि किसी भी मामले में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। संगठन ने यह भी कहा कि कानून के दायरे में रहकर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

28 जून के कार्यक्रम पर टिकी निगाहें

विश्व हिन्दू रक्षा परिषद द्वारा घोषित 28 जून के बनगांव हिन्दू महासम्मेलन को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दे रहा है। परिषद कादावा है कि इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे और हिंदू समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। हालांकि प्रेस वार्ता में लगाए गए कई आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी संबंधित जांच एजेंसियों और प्रशासन द्वारा की जानी बाकी है। ऐसे में इन मामलों में आगे होने वाली कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।