
Chicken and alcohol party on boat in ganga: वाराणसी में गंगा नदी में चिकन बनाने और नाव पर शराब पीने के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में पांचों आरोपियों को कोर्ट से जमानत मिल गई है। इस पार्टी के दौरान एक वीडियो सोमवार की शाम को वायरल हुआ था। इस मामले में धार्मिक भावनाएं आहत होने का मुकदमा दर्ज करते हुए दशाश्वमेध पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिन्हें बुधवार को जमानत मिल गई है।
दरअसल, सोमवार की शाम वाराणसी की गंगा नदी में नाव पर चिकन पकाने और शराब व बीयर की पार्टी करते कुछ युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करनी शुरू की और लोकेशन ट्रैक करते हुए दीपक कुमार, अजय साहनी, अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद और राहुल साहनी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि सभी रामनगर क्षेत्र के रहने वाले हैं और नाव चला कर अपना जीवन यापन करते हैं।
इस मामले में बुधवार को कार्यपालक मजिस्ट्रेट की अदालत ने दीपक कुमार, नाव चालक अजय साहनी, अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद और राहुल साहनी को 20-20 हजार रुपए की दो जमानत एवं बंद पत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया है। बता दे कि यह वीडियो वायरल होने के बाद श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी गई थी। वहीं पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से सभी लोगों को गिरफ्तार किया था और नाव को भी सीज कर दिया गया।
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद दशाश्वमेध चौकी प्रभारी की तहरीर के बाद मुकदमा दर्ज करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में से ही एक शख्स ने वीडियो बनाया था और सभी का परिचय दिया था। उन्होंने बताया कि यह वीडियो करीब 6 माह पुराना सर्दियों का है, जो सोमवार की शाम को वायरल हुआ था।
इससे पहले 15 मार्च को गंगा नदी में नाव पर इफ्तार पार्टी करने का एक वीडियो भी सामने आया था। आरोप है कि इस दौरान फल, मेवे के साथ चिकन बिरयानी भी परोसी गई थी और हड्डियों के अवशेष गंगा नदी में फेंक दिए थे। इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, आरोपियों को वाराणसी की कोर्ट से राहत न मिलने के बाद हाईकोर्ट ने सभी को 2 महीने बाद जमानत मिली हुई है।