शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की धमकी मिली है। इस बात की जानकारी उनके जनसंपर्क अधिकारी संजय पांडे ने दी है। पहले टेक्स्ट मैसेज फिर वॉइस मेल पर धमकी दी गई है...
वाराणसी: बाल यौन शोषण के आरोपों से घिरे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की धमकी मिली है। इस बात की जानकारी उनके जनसंपर्क अधिकारी संजय पांडे ने दी है। उन्होंने बताया कि शंकराचार्य को टेक्स्ट मैसेज के जरिए धमकी दी गई और कहा गया कि अतीक अहमद की तरह ही उन्हें गोली मार दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, बाल यौन शोषण के आरोप लगने के बाद शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत मिली हुई है। इसी बीच उनके मठ के आधिकारिक नंबर पर टेक्स्ट मैसेज के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है। शंकराचार्य के जनसंपर्क अधिकारी संजय पांडे ने बताया कि जब नंबर को ब्लॉक कर दिया गया तो वॉइस मेल पर लगातार धमकियां दी जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि धमकी देने वाले ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए शंकराचार्य को रेपिस्ट तक करार दे दिया। धमकी देने वाले ने कहा है कि रास्ते में कहीं भी अगर मिल गया तो अतीक अहमद जैसा हाल करेंगे। उन्होंने बताया कि पहले धमकी 1 अप्रैल को दी गई इसके बाद 6 अप्रैल को वॉइस मेल पर दो बार धमकी भरे मैसेज किए गए।
शंकराचार्य के जनसंपर्क अधिकारी संजय पांडे ने बताया कि उनके ज्योर्तिमठ के आधिकारिक नंबर 7417417414 पर पहली बार 1 अप्रैल को समय सुबह 10:25 से 10:35 के बीच लगातार टेस्ट मैसेज किया गया। उन्होंने बताया कि मैसेज आने के बाद नंबर को ब्लॉक कर दिया गया। इसके बाद वॉइस मेल पर ऑडियो संदेश आया जो 6 अप्रैल को अलग अलग समय पर दो बार भेजा गया।
उन्होंने बताया कि नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद वॉइस मेल पर जो संदेश आया उसमें शंकराचार्य के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इसके साथ ही मैसेज करने वाले शख्स ने कहा है, "उसको (शंकराचार्य को) बताओ कि कुछ समय उसका टाइम है बाद में वह खत्म होने वाला है। उसको खत्म करने के लिए बहुत सारे लोग हैं। वह गलत कर रहा है उससे बात कराओ।"
संजय पांडे ने बताया है कि शंकराचार्य गौ रक्षा को लेकर लगातार सरकार के ऊपर सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में गौ हत्याएं हो रही हैं और सरकार उसे रोक नहीं रही है। इसके साथ ही गौ माता को राज्य माता का दर्जा भी नहीं दिया जा रहा है। शंकराचार्य इन्हीं बातों को लेकर सरकार के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि क्या ऐसे सवाल उठाने पर जान से मारने की धमकी देना उचित है।