
वाराणसी. पंजाब के गुरदासपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी की हार को लेकर यूपी के कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या ने बड़ा बयान दिया। साथ ही स्वामी प्रसाद मौर्या ने बताया कि किस वजह से गुरदासपुर सीट पर भाजपा की हार हुई। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गुरदासपुर सीट पर हुए उपचुनाव में तत्कालीन सांसद विनोद खन्ना के परिजनों को टिकट न देकर भाजपा ने भूल की। कहा कि गुरदासपुर की जनता विनोद खन्ना की मृत्यु के बाद उनके परिवार को यहां के प्रत्याशी के तौर पर देखना चाहती थी। पर ऐसा नहीं हुआ, जो भाजपा के हार का कारण बना।
स्वामी प्रसाद मौर्या 17 अक्टूबर को कुशीनगर में होने वाली सीएम योगी आदित्यनाथ की जनसभा के मद्देनजर सोमवार को तैयारियों का जायजा ले रहे थे। गुरदासपुर में जनता के भावनाओं के अनुरूप बीजेपी का प्रत्याशी न होना हार का कारण है। साथ ही उन्होंने कहा कि एक सीट की जीत पर किसी को इतना खुश होने की जरूरत नहीं है और नहीं एक सीट की हार पर इतनी बात करनी चाहिए। निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि लोकसभा, विभानसभा चुनाव की तहर ही निकाय चुनाव में भी विरोधियों का सुपड़ा साफ होगा।
बता दें कि दीपावली से पहले कुशीनगर जनपद के लोगों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर्यटन और विकास जुड़े कई योजनाओं की सौगात देंगे। सीएम योगी मंगलवार 17 अक्टूबर को कुशीनगर आ रहे हैं। योजनाओं की आधारशीला रखने के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुशीनगर में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कुशीनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश सरकार कई मंत्री मंच को साझा करेंगे। सीएम जनपद में 22 करोड रूपये की परियोजनाओं का शिलान्यास करने के साथ ही कर्जमाफी से लाभान्वित किसानों को ऋण मोचन प्रमाण-पत्र भी सौपेंगे। सीएम भूमिहीनों को पट्टा देने का प्रमाण पत्र और किसान बीमा के लाभार्थियों को चेक भी अपने हाथों से देंगे। जनसभा को संबोधित करने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ बौद्ध भिक्षुओं से कुशीनगर में पर्यटन से जुड़ी विकास की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।