
Varanasi Air Show: वाराणसी में वायु सेवा द्वारा प्रस्तावित एयर शो की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। नमो घाट समेत काशी के विभिन्न घाटों पर 24, 25 और 26 अक्टूबर को करीब डेढ़ घंटे तक एयर शो का आयोजन किया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस एयर शो में राफेल समेत 90 फाइटर जेट्स करतब दिखाएंगे। इसके अलावा सुखोई, तेजस और मिग भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। यह सभी फाइटर जेट्स प्रयागराज और वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से टेक ऑफ करते हुए काशी के घाटों पर पहुंचेंगे। इस दौरान काशी की जनता देश का गौरव आसमान में गरजते हुए देखेगी।
एयर शो में पहुंचने वाले लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर हर घाट पर एक वॉच टावर का निर्माण किया जाएगा। इन पर स्नाइपर के साथ दूरबीन लिए फोर्स भी तैनात रहेगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एटीएस कमांडो की दो टीमें वाराणसी पहुंचेगी, जिन्हें 6 जगह पर तैनात किया जाएगा। हर घाट पर मेटल डिटेक्टर और बैगेज स्कैनर भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा नाव और क्रूज का संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। नाव पर एनडीआरएफ, जल पुलिस और एटीएस की टीमें लगातार पेट्रोलिंग करेगी। इसके अलावा 50 स्थान पर पार्किंग की भी व्यवस्था की जाएगी और अस्थाई रूप से 50 पुलिस हेल्प डेस्क के भी बनाए जाएंगे।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि गंगा घाट के किनारे एयर शो की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। अभी घाटों की साफ सफाई के अलावा समतलीकरण और बैरिकेडिंग का काम किया जा रहा है। गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है। आने वाले दिनों में सभी तैयारियां तय समय पर पूरी हो जाएगी। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि 3 दिन तक आयोजित होने वाले इस एयर शो का सबसे अच्छा दृश्य डोमरी से दिखाई देगा। इसलिए सबसे ज्यादा प्रबंध उसी स्थान पर किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि डीजीपी मंगलवार को एक समीक्षा बैठक करेंगे। ट्राफिक, फायर, रेलवे, स्वास्थ्य, एनडीआरफ और एसडीआरएफ समेत सभी विभागों को तैयारी में शामिल होने के लिए निर्देशित किया गया है।
बता दें कि इस एयर शो में शामिल होने के लिए 25 अक्टूबर को वाराणसी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल, सीडीएस, तीनों सेना के प्रमुख काशी पहुंचेंगे। इसके अलावा सभी रिटायर्ड सेना प्रमुख को भी न्योता दिया गया है। ये सभी लोग नमो घाट पर बनने वाले वीआईपी दर्शक दीर्घा से इस एयर शो के आयोजन को देखेंगे। भीड़ को देखते हुए शहर के सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों के 200 बेड रिजर्व रखे गए हैं। वहीं, शहर की 38 एंबुलेंस को अलग-अलग इलाकों में तैनात किया गया है। इसके साथ ही घाटों के किनारे स्वास्थ्य केंद्र में इमरजेंसी सेवाएं बहाल की जा रही है।