Bengal Election Result 2026: पश्चिम बंगाल चुनाव रुझानों के बीच वाराणसी में बंगाली समाज का अनोखा जश्न। गंगा घाट पर शंखनाद और झालमुड़ी बांटकर भाजपा की जीत की कामना की गई।
Bengal Election Result 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों का असर साफ तौर पर दिखाई दिया है। जैसे ही रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को आगे दिखाया गया, पीएम के गढ़ काशी में एक अलग ही उत्साह का माहौल बन गया। अंतिम नतीजों की घोषणा से पहले ही वाराणसी में बंगाली समाज की महिलाओं ने अनोखे अंदाज में जश्न मनाया। उन्होंने गंगा घाट किनारे शंखनाद कर मां गंगा और बाबा विश्वनाथ से भाजपा की जीत की कामना की।
बनारस में सुबह की शुरुआत आमतौर पर गर्मा-गर्म कचौड़ी और जलेबी के साथ होती है, लेकिन आज का नजारा बिल्कुल अलग और बेहद दिलचस्प था। चौसट्टी घाट पर बंगाली समाज की महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में झालमुड़ी बनाकर अपने दिन की शुरुआत की। महिलाओं ने न केवल झालमुड़ी बनाई, बल्कि घाट पर मौजूद अन्य स्थानीय लोगों और आने-जाने वाले पर्यटकों के साथ भी झालमुड़ी बांटी। इस अनोखे अंदाज में खुशी जाहिर करने के तरीके ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
बंगाल चुनाव के रुझानों में भाजपा के पक्ष में आंकड़े आते ही महिलाओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने झालमुड़ी ही नहीं खाई, बल्कि गंगा घाट पर पूरी ऊर्जा के साथ शंखनाद भी किया। महिलाओं ने मां गंगा और बाबा विश्वनाथ से आशीर्वाद मांगते हुए कामना की कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की जीत हो और वहां पूर्ण बहुमत की सरकार बने।
भले ही अभी पश्चिम बंगाल चुनाव के अंतिम नतीजों का आना बाकी है, लेकिन बंगाली महिलाओं का यह जश्न उनकी गहरी उम्मीदों और विश्वास को दर्शा रहा है। घाट पर मौजूद महिलाओं का कहना है कि रुझान बेहद सकारात्मक हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि अंतिम नतीजे भी भाजपा के पक्ष में ही होंगे। इस अनोखे जश्न को देखने के लिए घाट पर मौजूद स्थानीय लोग और पर्यटक भी आकर्षित हुए।