वाराणसी

8 करोड़ रुपए से ज्यादा की साइबर ठगी: 9 राज्यों में तलाश, वाराणसी में दबोचे गए 3 ठग

Varanasi Crime News: वाराणसी पुलिस की साइबर सेल और सारनाथ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 5:10 PM IST
Varanasi latest news
पकड़े गए आरोपी (Pc-Patrika)

Cyber Crime News: वाराणसी पुलिस की साइबर सेल और सारनाथ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी लोगों को अपने झांसे में लेकर ऑनलाइन लूडो खिलाने का काम करते थे। आरोपियों के खिलाफ नौ राज्यों में कुल 19 शिकायतें दर्ज थी। इस मामले में पुलिस ने बताया है कि 8.14 करोड़ रुपए से ज्यादा की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है। पकड़े गए तीनों आरोपी वाराणसी के ही रहने वाले हैं। फिलहाल, पुलिस उनसे जुड़े अपराधों के रिकार्ड खंगाल रही है और इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुट गई है।

टेलीग्राम पर बनाया था ग्रुप

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को साइबर क्राईम सेल व थाना सारनाथ की संयुक्त टीम ने सारनाथ थाना क्षेत्र के शिव विहार कॉलोनी में मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग किराए के कमरे में मोबाइल फोन के माध्यम से अवैध रूप से ऑनलाइन मनी गेम खिला रहे हैं। इस दौरान पुलिस ने मौके से सागर सेठ, मंगल कुमार और सुदीप कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया है कि वे टेलीग्राम एप पर New Ludo Parivar नाम से ग्रुप बनाकर इसमें लोगों को जोड़ने थे और दोगुना मुनाफा कमाने का लालच देकर प्रतिबंधित ऑनलाइन लूडो गेम में पैसा लगवाते थे।

पुलिस ने बताया है कि आरोपी खिलाड़ियों से दाव की धनराशि यूपीआई के माध्यम से अपने खाते में मंगा लेते थे और प्रत्येक बाजी से अपना अवैध कमीशन काटकर बची हुई राशि का भुगतान कर देते थे। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन व पेटीएम-फोनपे से लिंक 7 बैंक खातों की जांच की है जिसमें 1.46 लाख से अधिक की धनराशि पाई गई तथा केवल अक्टूबर व नवंबर महीने में ही लाखों रुपए का संदिग्ध लेनदेन होने का भी पता चला है।

जेल भेजे गए आरोपी

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खातों को सीज कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, सागर सेठ के बैंक खाते पर कुल चार शिकायतें दर्ज मिली। वहीं, मंगल कुमार के खाते पर सात शिकायत है और सुदीप कश्यप के खाते से आठ शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। पुलिस ने बताया है कि पकड़े गए सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए जेल भेज दिया गया है इस मामले में यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों के साथ और कौन-कौन लोग मिले हुए थे।

Updated on:
13 Nov 2026, 5:10 PM IST
Published on: