
Murder in varanasi: वाराणसी में संदिग्ध परिस्थितियों में कछवा रोड पुलिस चौकी से करीब 800 मीटर दूर एक नहर के पास से रविवार की सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि युवक के सिर से खून बह रहा था, जबकि उसके चेहरे पर भी चोट के निशान मिले हैं। सुबह मॉर्निंग वॉक करने निकले लोगों ने युवक का शव देखा तो पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की शिनाख्त कराई और आगे की पड़ताल में जुटी हुई है।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा नहर के पास से जग्गू (30) नामक एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि वह एक होटल में काम करता था और उसके सिर के बाल नोच लिए गए थे। वहीं, उसके चेहरे पर भी चोट के निशान मिले हैं। घटना की जानकारी होने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि जग्गू की शादी 5 महीने पहले ही हुई थी। वहीं, मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया है कि मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। वहीं, जग्गू की बहन गीता ने उसकी शिनाख्त की है।
थाना अध्यक्ष गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मौके पर पहुंच कर देखा गया तो युवक के सिर से खून बह रहा था। उन्होंने बताया कि युवक का बाल लोचा गया है और उसकी पहचान ना हो सके इसलिए उसके चेहरे पर किसी भारी चीज से वार किया गया है। मृतक की बहन ने उसकी शिनाख्त की इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया है कि परिजनों द्वारा तहरीर मिलने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि आसपास का इलाका सुनसान है, फिर भी आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकल जा रही है। पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर लिए हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। थाना अध्यक्ष के मुताबिक, मामले के खुलासे के लिए टीम का गठन कर दिया गया है।