
Pappu Yadav Protest in Parliament: संसद भवन परिसर में राम मंदिर चोरी प्रकरण के मामले को लेकर विपक्षी सांसदों द्वारा किए गए प्रदर्शन का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। सत्ता पक्ष विपक्ष के ऊपर कई गंभीर आरोप लगा रहा है। इसी बीच काशी के संत समाज ने भी इस पर नाराज की जाहिर की है। काशी के संत समाज ने सांसद पप्पू यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी व अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
संसद भवन परिसर में राम मंदिर में चंदा चोरी का नाटक करना कांग्रेस नेताओं और सांसदों को भारी पड़ गया है। देश में अलग-अलग स्थान पर सांसद पप्पू यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई सांसदों के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं वाराणसी में तीन सांसदों के ऊपर मुकदमा दर्ज किया गया है। पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालक दास की तहरीर पर शनिवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। काशी के संतों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ पुलिस से शिकायत की थी।
बता दें कि शुक्रवार को संसद भवन परिसर में पप्पू यादव पुजारी के वेश में दान पेटी लेकर पहुंचे थे। वहीं, इस दान पेटी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चंदा डाला था। इसके बाद चोरी पकड़े जाने का नाटक किया गया और अवधेश प्रसाद समेत कई सांसदों ने सांकेतिक रूप से सांसद पप्पू यादव की पिटाई की थी। इस मामले ने जब तूल पकड़ तो काशी के सांसदों ने भी इस पर नाराजगी जाहिर की।
जगद्गुरु बालक दास ने बताया है कि इस मामले में डीसीपी काशी गौरव बंसवाल से मिलकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई थी। उन्होंने बताया कि डीसीपी से मुलाकात करने के बाद तहरीर की कॉपी उन्हें सौंप गई थी। बालक दास ने आरोप लगाया है कि संसद में जिस तरह का कृत्य किया गया, उससे पूरे सनातन और भगवान राम का अपमान हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश के सबसे बड़े मंदिर राम मंदिर में सांसद पप्पू यादव पुजारी का भेष धारण करके भगवान, संत समाज और भगवा वस्त्र का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिस तरह का कृत्य किया गया उसे कोई भूल नहीं सकता। इससे करोड़ों हिंदुओं की भावना को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि यदि सांसद पप्पू यादव में हिम्मत है तो टोपी लगाकर इस तरह का कृत्य करके देखें। उन्होंने बताया कि हिंदुओं की आस्था पर चोट करना विपक्ष का नैतिक कर्तव्य बन गया है।