
Varanasi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सरकारी सीवर के चेंबर का ढक्कन खोलकर उसमें अवैध रूप से उतरने का प्रयास कर रहे एक युवक को स्थानीय पार्षद की तत्परता से नगर निगम की टीम ने पकड़ लिया। हालांकि, उसके तीन अन्य साथी चकमा देकर भागने में सफल हो गए, लेकिन बाद में उन्हें भी पकड़ लिया गया। वहीं, घटना के बाद नगर निगम प्रशासन ने मामले में गंभीरता को समझते हुए कोतवाली थाने में पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ तहरीर सौंप दी है। बीते दिनों वाराणसी के शिवाला इलाके में जल भराव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस वीडियो को पोस्ट करते हुए पीएम मोदी पर तंज कसा था।
दरअसल, शहर के काल भैरव क्षेत्र स्थित भांट गली में नगर निगम का सीवर का चेंबर है। आरोप है कि इसके ढक्कन को खोलकर अवैध रूप से उसमें एक युवक उतारने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उसे देख लिया और पार्षद को सूचना दी। पार्षद ने नगर निगम की टीम को मौके पर बुलाया और आरोपी को पड़कर कोतवाली थाने लाया गया। इस घटना को बेहद गंभीर मानते हुए वाराणसी नगर निगम ने इस मामले में लिखित रूप से तहरीर सौंप दी है। पकड़े गए आरोपी का नाम राजन वाल्मीकि बताया जा रहा है। जबकि उसके साथ आए अन्य युवकों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
गौरतलब है कि शिवाला, सराय नंदन, नगवा समेत आधा दर्जन से अधिक वार्डों की मुख्य सीवर लाइनों में सफाई के दौरान भीतर से बालू की बोरियां, लकड़ी का बुरादा, पत्थर प्लाई और प्लास्टिक की सामग्री ठुसी हुई मिली थी। इसके कारण मुख्य लाइन बंद हो गई थी और गलियों में सीवर का पानी ओवरफ्लो करने लगा था। सीवर का पानी सड़कों पर बहने के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था। नगर निगम की टीम इसे शहर की स्वच्छता और नागरिकों की सुविधाओं को प्रभावित करने के बड़े साजिश के रूप में देख रही थी।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि किसी भी गैर विभागीय या अनाधिकृत व्यक्ति द्वारा सरकारी चैंबर को खोलना अथवा उसमें उतरना पूरी तरीके से गैरकानूनी है। इसके साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी बेहद खतरनाक है। यह कृत्य किसी बड़े षड़यंत्र का हिस्सा या उसके पीछे कोई अन्य आपराधिक मंशा हो सकती है और यह पूरी तरह से पुलिस की जांच का विषय है। फिलहाल, पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।