
Vidisha news: शादी-विवाह के सीजन में मैरिज गार्डन और डीजे संचालकों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर बजाने पर रोक रहेगी, वहीं मैरिज गार्डन में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकास की व्यवस्था करना अनिवार्य होगा। पार्किंग के लिए भी गार्डन संचालकों को पर्याप्त स्थान निर्धारित करना होगा, ताकि समारोहों के दौरान मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति न बने। सोमवार को कोतवाली और सिविल लाइन थाना पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों के मैरिज गार्डन एवं डीजे संचालकों की बैठक लेकर इन व्यवस्थाओं को बनाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देश पर बुलाई गई बैठक में संचालकों को स्पष्ट किया गया कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मैरिज गार्डन के मुख्य द्वार, पार्किंग और परिसर में सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के साथ रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखना होगी। गार्डन में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास द्वार और पर्याप्त सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था भी करनी होगी। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि सीमा और समय-सीमा का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर बंद रखने होंगे। बिना अनुमति डीजे संचालन नहीं किया जा सकेगा। अश्लील, भड़काऊ और धार्मिक या सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गाने बजाने पर भी रोक रहेगी। बारात, डीजे और आतिशबाजी के कारण मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान संचालकों को आयोजन से पहले सभी सुरक्षा इंतजामों की जांच करने की हिदायत दी गई। पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान का ही उपयोग करना होगा, ताकि सड़क पर वाहनों की कतार न लगे। विवाह समारोह में आने वाले मेहमानों की सुरक्षा और सुविधा की जिम्मेदारी भी गार्डन संचालकों की होगी। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस और संबंधित विभाग को सूचना देनी होगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए मैरिज गार्डन और डीजे संचालकों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।