
Vidisha news:मध्यप्रदेश के विदिशा शहर में नगर पालिका की ओर से अवैध निर्माण हटाने के लिए दी गई मोहलत खत्म होते ही बुधवार सुबह नौ बजे कार्रवाई शुरू हो गई। सबसे पहले वार्ड नंबर-1 खामबाबा निवासी शरद गोस्वामी के मकान पर बुलडोजर चलाया गया। इसके बाद दोपहर में तोपपुरा स्थित चांद मियां उर्फ चंदू खां के तीन मंजिला मकान पर भी कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका ने दोनों मामलों में भवन निर्माण की अनुमति और भू-स्वामित्व से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए समय दिया था। बुधवार को मोहलत समाप्त होने तक दोनों पक्ष भवन निर्माण की वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके। चांद मियां के परिजनों ने प्लॉट की रजिस्ट्री नगर पालिका में जमा कराई थी, लेकिन भवन निर्माण की अनुमति नहीं होने से निर्माण को लेकर कार्रवाई प्रस्तावित की गई।
वहीं शरद गोस्वामी की ओर से भू-स्वामित्व या भवन निर्माण से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद नगर पालिका ने दोनों भवनों पर कार्रवाई के लिए दल गठित किया। तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह पहले शरद गोस्वामी के मकान पर बुलडोजर चलाया गया। इसके बाद दोपहर में चांद मियां के मकान को तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका ने पहले ही चेतावनी दी थी कि निर्धारित समय में संबंधित पक्ष स्वयं अवैध निर्माण नहीं हटाते हैं तो नपा की ओर से कार्रवाई की जाएगी और कार्रवाई में आने वाला खर्च भी संबंधित पक्षों से वसूल किया जाएगा। गौरतलब है कि दोनों मकान दुष्कर्म की आरोपियों का है। शरद गोस्वामी पर 14 नवंबर को बीयर पिलाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का आरोपी है। जबकि चांद मियां पर 15 नवंबर को 9 वर्षीय नाबालिग बच्ची की साथ दुष्कर्म का आरोप है। चांद मियां को जेल भेज दिया गया है। शरद गोस्वामी फरार है। उसकी भी तलाश की जा रही है।