
Vidisha news: नशे के कारोबार ने अब पुलिस से बचने के लिए डिलीवरी का तरीका भी डिजिटल कर लिया। एमपी के गंजबासौदा में ब्राउन शुगर के नेटवर्क पर कार्रवाई के बाद पुलिस के सामने ऐसा तरीका आया है, जिसमें ग्राहक और डीलर का आमना-सामना तक नहीं होता था। पहले फोन-पे से भुगतान, फिर वाट्सएप पर उस जगह का वीडियो, जहां ब्राउन शुगर छिपाकर रखी गई है। ग्राहक वीडियो देखकर पहुंचता और नशे की पुड़िया उठा लेता था। ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत गंजबासौदा पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 38.56 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है। पुलिस के मुताबिक कार, मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल और दो इलेक्ट्रॉनिक कांटों समेत करीब 16.50 लाख रुपए का मशरूका भी मिला है।
पुलिस जांच में सामने आया कि नशे की बिक्री में डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल किया जा रहा था। भुगतान मिलने के बाद ग्राहक की पुष्टि की जाती थी। इसके बाद ब्राउन शुगर किसी गुप्त स्थान पर रखकर उसका वीडियो बनाया जाता और श वाट्सएप पर भेज दिया जाता था। इस व्यवस्था में न ग्राहक को डीलर के पास जाना पड़ता था और न डीलर को ग्राहक के सामने आना। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन, वाट्सएप चैट और डिजिटल लेनदेन की जांच कर रही है। बैंक खातों की पहचान कर उन्हें फ्रीज करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। इससे पुलिस इस नेटवर्क की सिर्फ सप्लाई नहीं, बल्कि पैसे के रास्ते तक पहुंचने की कोशिश में है।
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के अनुसार ब्राउन शुगर की सप्लाई राजस्थान के झालावाड़ क्षेत्र से भोपाल और फिर ट्रेन, बस व अन्य साधनों से विदिशा जिले तक पहुंचती थी। गंजबासौदा में इसे आगे छोटे स्तर पर ग्राहकों तक पहुंचाया जाता था।
दमयंती धर्मकांटा के पास से अनुज दुबे और यशवंत रघुवंशी की गिरफ्तारी से शुरू हुई। पूछताछ के बाद राजा रघुवंशी, विनीता जाटव और मोहित उर्फ लड्डू दांगी तक पुलिस पहुंची। इसी क्रम में धर्मेन्द्र दांगी को भी गिरफ्तार किया गया। अलग-अलग आरोपियों से कुल 38.56 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कितने ग्राहक इस डिजिटल डिलीवरी नेटवर्क से जुड़े थे और भुगतान की रकम किन खातों तक पहुंच रही थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि ब्राउन शुगर की सप्लाई एवं बिक्री का नेटवर्क अलग-अलग स्तरों पर संचालित किया जा रहा था। पुलिस जांच में ब्राउन शुगर की आपूर्ति राजस्थान के झालावाड़ क्षेत्र से किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच में ललित मीना, रामस्वरूप मीना, मोहन मीना एवं बालचंद तलवार के नाम थोक आपूर्ति से जुड़े होने की जानकारी प्राप्त हुई है।
एक अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर दमयंती धर्मकांटा, जली मिल रोड के पास मोटरसाइकिल से ब्राउन शुगर की बिक्री करने पहुंचे दो आरोपियों अनुज दुबे उर्फ अन्नू महाराज एवं यशवंत रघुवंशी को पुलिस टीम द्वारा पकड़ा गया। आरोपी अनुज दुबे के कब्जे से 10.80 ग्राम ब्राउन शुगर तथा यशवंत रघुवंशी के कब्जे से मोटरसाइकिल जप्त की गई। पूछताछ में आरोपियों द्वारा ब्राउन शुगर उपलब्ध कराने वाले राजा रघुवंशी एवं मोहित उर्फ लड्डू दांगी के संबंध में जानकारी दी गई।
इसके बाद पुलिस द्वारा दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को राजा रघुवंशी एवं विनीता जाटव को त्योदा रोड पुलिया के पास से पकड़ा गया। इनके कब्जे से 20 ग्राम ब्राउन शुगर, ईकोस्पोर्ट कार, 04 मोबाइल फोन एवं इलेक्ट्रॉनिक कांटा जप्त किया गया। इसी क्रम में मोहित उर्फ लड्डू दांगी को शिवनगर रेलवे पुलिया के पास से पकड़ा गया, जिसके कब्जे से 01 मोबाइल फोन एवं 01 इलेक्ट्रॉनिक कांटा जप्त किया गया। इसी दिन एक अन्य कार्रवाई में न्यू बस स्टैंड रामलीला मैदान मंच के पास से धर्मेन्द्र दांगी को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 7.70 ग्राम ब्राउन शुगर, कीमत लगभग 77,000 जप्त की गई।