
Vidisha news: स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों की जेब पर भारी पड़ रहे बस किराए को लेकर उठी आवाज आखिरकार रंग लाई। सिरोंज से शुरू हुई मांग अब पूरे जिले के विद्यार्थियों के लिए राहत लेकर आई है। परिवहन विभाग ने विद्यार्थियों के बस किराए को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत नई निर्धारित किराया दर में विद्यार्थियों को 50 फीसदी की छूट मिलेगी। यह व्यवस्था जिले की सभी बस सेवाओं में लागू होगी।
विद्यार्थियों और अभिभावकों की ओर से लगातार किराए को लेकर उठाई जा रही आपत्ति के बाद आरटीओ और बस ऑपरेटरों के बीच बैठक हुई। बैठक में विद्यार्थियों के लिए रियायती किराया लागू करने पर सहमति बनी। इसके बाद परिवहन विभाग ने सभी बस ऑपरेटरों को निर्देश जारी कर दिए है। अब स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों से निर्धारित नई दर का आधा किराया ही लिया जाएग
विद्यार्थियों की ओर से किराए में राहत की मांग सिरोंज में स्थानीय स्तर पर उठी थी। मामला धीरे-धीरे तूल पकड़ने के बाद परिवहन विभाग को हस्तक्षेप करना पड़ा। विभाग की गाइडलाइन के बाद अब जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग किराया वसूली की स्थिति खत्म होगी और विद्यार्थियों के लिए एक समान रियायती व्यवस्था लागू की जाएगी।
परिवहन विभाग ने सभी बस ऑपरेटरों को बच्चों के लिए बनाई गई नई व्यवस्था का पालन करने के निर्देश दिए है। विद्यार्थियों से निर्धारित रियायती किराए से अधिक राशि वसूलने पर बस संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से व्यवस्था की निगरानी भी की जाएगी। चेकिंग कर निर्देश से अवगत भी कराया गया।
बस किराए में छूट मिलने से विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी आर्थिक राहत मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन शहर के स्कूल-कॉलेज आने वाले विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। अब किराया पढ़ाई के रास्ते में बाधा नहीं बनेगा। विभाग ने अभिभावकों व छात्र-छात्राओं से अधिक किराया लिए जाने पर शिकायत की अपील की है।
रियायती किराए का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को अपना वैध स्कूल या कॉलेज आइकार्ड दिखाना होगा। बस संचालक आइकार्ड के आधार पर ही विद्यार्थी को निर्धारित रियायत देंगे। इसके अलावा छात्र-छात्राएं स्कूल ड्रेस में हैं तो भी उन्हें छूट मिलेगी। इससे व्यवस्था का दुरुपयोग रोकने के साथ पात्र विद्यार्थियों को आसानी से राहत मिल सकेगी।
छात्र-छात्राओं की ओर से किराए का मुद्दा उठाया गया है। बैठक में हुए निर्णय को लेकर निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अब बसों में विद्यार्थियों का केवल आधा किराया लगेगा।- गिरजेश वर्मा, जिला परिवहन अधिकारी विदिशा