विदिशा

Vidisha News : सोना सस्ता हुआ पर महंगी पड़ रही शादी की दावत, 50 हजार तक बढ़ा भोजन का खर्च

Wedding Feasts : गार्डन से डीजे तक के दाम चढ़े; इस सीजन में करोड़ों का कारोबार मुहूर्त कम तो महंगी हुई शादी, 12 दिसंबर तक हर तरफ बुकिंग की मारामारी
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 12:25 PM IST
shadi food
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Janani)

Wedding Feasts : देवउठनी एकादशी के साथ ही विदिशा में शहनाई, बैंड-बाजे की धुन सुनाई देने लगी है। इस सीजन में देवउठनी से लेकर केवल 12 दिसंबर तक ही मुहूर्त हैं। कम दिनों में ज्यादा शादियां निपटाने की होड़ के कारण मैरिज गार्डन, कैटर्स, डेकोरेटर और डीजे वालों की बुकिंग फुल है। मांग बढ़ी तो दाम भी बढ़ गए। एक तरफ जहां शादी का खर्च पिछले सीजन की तुलना में बढ़ गया है, वहीं दूसरी तरफ 2027 में विवाह के 95 से 100 मुहूर्त मिलने से शादी योग्य युवक-युवतियों और उनके परिवारों के चेहरों पर खुशी है। खास बात यह है कि सोना जरूर सस्ता हुआ है पर शादी की दावत महंगी पड़ रही है। भोजन का खर्च 50 हजार तक बढ़ गया है।

दूल्हा- दुल्हन के मेकओवर के लिए सैलून और पार्लरों में महीनों पहले से प्री- बुकिंग चल रही है। मेकअप आर्टिस्ट आयुषी अग्रवाल के अनुसार, ब्राइडल मेकअप के पैकेज 10 हजार से लेकर 30 हजार रुपये तक किए जा रहे हैं। इस सीजन में कैटरिंग, ज्वेलरी, डेकोरेशन, कपड़े, मेकअप और टेंट समेत विभिन्न क्षेत्रों में विदिशा में करोड़ों रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। बारात की रौनक बढ़ाने वाले बैंड-बाजा, घोड़ा-बग्गी और डीजे की भी खासी मांग है। शुभ मुहूर्त की तारीखों में प्रमुख डीजे संचालकों के पास अब बुकिंग की गुंजाइश नहीं बची है।

2027 में शादी के 100 मुहूर्त

पिछले वर्षों की तुलना में भी 2027 खास है। साल 2026 में शादी के कुल 65 मुहूर्त थे, 2025 में 90 और 2024 में 71 मुहूर्त थे। लेकिन अगले वर्ष 2027 पूरे साल विवाह के 95 से 100 के बीच मुहूर्त होने से सात फेरे लेने की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं के लिए भरपूर मौके हैं। धर्माधिकारी पंडित विनोद शास्त्री ने बताया कि पंचांग के अनुसार 20 नवंबर को कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी मनाई गई। इसी दिन तुलसी विवाह संपन्न हुए और शादी-विवाह आदि मांगलिक कार्य शुरू हो गए। इस वर्ष नवंबर में 6 और दिसंबर में 10 मुहूर्त हैं। 16 अगस्त से 15 सितंबर तक देवगुरु बृहस्पति अस्त रहेंगे, इस दौरान शादी-विवाह आदि सभी मांगलिक कार्य वर्जित रहेंगे। इसके अलावा पितृपक्ष और खरमास में भी कोई शुभ कार्य नहीं किए जाएंगे। जुलाई से अक्टूबर तक चातुर्मास के चलते भी मांगलिक कार्यों में विश्राम रहेगा।

कैटरिंग का खर्च 50 हजार तक बढ़ा

खाद्य सामग्री, डेयरी उत्पादों व मसालों के दाम बढऩे से कैटरिंग का खर्च 50 हजार रुपए तक बढ़ गया है। कारोबारियों के अनुसार एक शादी पर करीब 10 से 15 लाख रुपए खर्च हो रहा है। इसमें वेन्यू, डेकोरेशन और कैटरिंग का हिस्सा सबसे बड़ा है। अच्छे होटल में 500 मेहमानों के भोजन पर ही 5 लाख रुपए तक खर्च हो जाता है।

Updated on:
23 Nov 2026, 12:25 PM IST
Published on: