विदिशा

मदरसे में लेडी टीचर से ज्यादती, विदिशा में 3 मौलवी गिरफ्तार

Madrasa Teacher Assault Case: भाई को जान से मारने की धमकी देकर मौलवियों ने महिला टीचर से की ज्यादती, पुलिस ने 48 घंटे के अंदर किया गिरफ्तार।
2 min read
Jul 19, 2026
vidisha
madrasa lady teacher assault case three maulvis arrested, महिला शिक्षक से ज्यादती के आरोप में तीन मौलवी गिरफ्तार (Source- Patrika)

Vidisha Madrasa Teacher Assault Case: मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के सिरोंज में एक लेडी टीचर की शिकायत पर तीन मौलवियों को गिरफ्तार किया है। महिला टीचर ने मौलवियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और 48 घंटे के अंदर ही तीनों मौलवियों को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया। सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई है और प्रदेश स्तरीय जांच की मांग भी की है।

मौलवियों पर मदरसे में लेडी टीचर से दुष्कर्म का आरोप

26 वर्षीय महिला शिक्षक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि मुरवास स्थित सिराज एजुकेशन मदरसे में कार्यरत तीनों मौलवी नसीर खान, अख्तर खान और जावेद खान ने उसके साथ गलत काम किया है। पीड़िता के मुताबिक आरोपी लंबे समय से उस पर गंदी नजर रखते थे और अभद्र व्यवहार करते थे। घटना वाले दिन मौलवी नसीर ने उसे काम के बहाने अपने दफ्तर में बुलाया। जब वो मौलवी के केबिन में पहुंची तो नसीर ने उसे पकड़ लिया और अन्य दोनों मौलवियों ने उसके साथ जबरदस्ती करते हुए ज्यादती की।

भाई को जान से मारने की धमकी दी

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने दुष्कर्म करने के बाद उसे धमकी दी कि अगर किसी को घटना के बारे में बताया या पुलिस में शिकायत की तो उसके छोटे भाई को जान से मार देंगे। पीड़िता ने किसी तरह हिम्मत जुटाई और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर 48 घंटे के अंदर तीनों मौलवियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया था, जहां से उन्हें जेल भेजा जा चुका है।

भाजपा विधायक की दो टूक

इस घटना को लेकर सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा ने नाराजगी जताई है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए मध्य प्रदेश सरकार से प्रदेश स्तरीय उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए जो एक मिसाल बने। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन से यह भी जांच करने को कहा है कि यदि यह मदरसा नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से संचालित पाया जाता है तो इस पर भी तत्काल वैधानिक व जमींदोज करने जैसी कार्रवाई की जानी चाहिए।

Updated on:
19 Jul 2026 10:00 pm
Published on:
19 Jul 2026 10:00 pm