20 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी के रीवा में छिपकली के काटने से महिला की मौत का दावा

Lizard Bite Woman Death Claim: परिजनों का दावा है कि सोते वक्त करवट लेने से छिपकली नीचे दब गई और उसके काटने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ी थी।
2 min read
Google source verification
REWA

woman death lizard bite claim, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर

Rewa Lizard Bite Woman Death Claim: मध्यप्रदेश के रीवा जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के बाद परिजनों ने छिपकली के काटने से मौत होने का दावा किया है। महिला को गंभीर हालत में परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे, डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया लेकिन महिला को बचाया नहीं जा सका और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुट गई है। महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

छिपकली के काटने से मौत- परिजन

घटना रीवा जिले के जड़कुड़ गांव की है, जहां रहने वाली 34 वर्षीय महिला फूलकली पति रामसुंदर रात का खाना खाकर अपने कमरे में सो रही थी। रात में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और परिजन उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन का कहना है कि सोते समय छिपकली बिस्तर पर गिरी और करवट लेते ही फूलकली के नीचे दब गई। इस दौरान छिपकली ने फूलकली को काट लिया। कुछ घंटों बाद फूलकली की तबीयत बिगड़ने लगी तो उसे अस्पताल लेकर आए जहां उसकी मौत हो गई है। महिला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपा।

विशेषज्ञों की राय

परिजन भले ही छिपकली के काटने से महिला की मौत का दावा कर रहे हैं लेकिन अगर विशेषज्ञों की मानें सामान्य तौर पर घरों में पाई जाने वाली छिपकलियां जहरीली नहीं होती है। सामान्य परिस्थितियों में इनके काटने से जानलेवा स्थिति बनने के प्रमाण बेहद दुर्लभ हैं। विशेषज्ञ बताते हैं छिपकली के काटने से सामान्य सूजन या दर्द हो सकता है लेकिन जान नहीं जा सकती। हालांकि, यदि छिपकली खाने में गिर जाए या उसका मल-मूत्र भोजन में मिल जाए, तो बैक्टीरिया (जैसे साल्मोनेला) के कारण गंभीर फूड पॉइज़निंग जरूर हो सकती है। विशेषज्ञों के मुताबिक दुनिया भर में केवल दो छिपकलियां विषैली मानी जाती हैं उनमें से एक है गिला मॉन्स्टर (Gila Monster) और दूसरी है मेक्सिकन बीडेड लिज़र्ड (Mexican Beaded Lizard) और ये दोनों ही छिपकलियां भारत में नहीं पाई जाती हैं।

छिपकली के काटने पर क्या करें?

अगर किसी व्यक्ति को छिपकली काट ले तो हल्का दर्द, लालिमा या सूजन महसूस हो सकती है और एलर्जी जैसी प्रतिक्रिया भी हो सकती है। छिपकली के काटने पर सबसे पहले घाव को साफ पानी और साबुन से अच्छी तरह धोएं और काटे हुए स्थान पर एंटीसेप्टिक लगाएं। अगर छिपकली के काटने के बाद ज्यादा सूजन, सांस लेने में परेशानी, चक्कर आना या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।