
Nagar Panchayat Demand: मध्य प्रदेश के मंडीबामोरा नगर को दो जिलों की दो तहसीलों में बंटा होने के कारण गंभीर प्रशासनिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। भौगोलिक रूप से एक ही यह नगर कागजों पर दो हिस्सों में है। इसका एक हिस्सा ग्राम पंचायत बामोरा, तहसील बीना, जिला सागर में, जबकि दूसरा ग्राम सिहोरा, तहसील कुरवाई, जिला विदिशा में आता है।
नगरवासियों और क्षेत्रवासियों ने मप्र प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग के अध्यक्ष शिवनारायण मिश्रा को पत्र लिखकर समस्या के समाधान की मांग की है। उन्होंने मंडीबामोरा के दोनों हिस्सों को किसी एक जिले की एक तहसील में शामिल करने और इसे उप तहसील बनाने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में मंडीबामोरा को उप तहसील बनाने की घोषणा का भी पत्र में उल्लेख है। मांग की गई है कि कुरवाई तहसील से दूर स्थित कुछ ग्राम पंचायतों को मंडीबामोरा उप तहसील में शामिल कर नगर पंचायत बनाया जाए, जिससे प्रशासनिक सुलभता बढ़े और क्षेत्र का समुचित विकास हो सके।
यहां से कुरवाई तहसील मात्र आठ किलोमीटर दूर है, लेकिन बीना तहसील 30 किलोमीटर और सागर जिला मुख्यालय 100 किलोमीटर दूर है, जहां सीधी ट्रेन या बस सुविधा नहीं। दोनों पंचायतों की लगभग 17,000 आबादी है, जो आसपास के गांवों को मिलाकर 25 हजार से अधिक हो जाती है। दो जिलों में बंटे होने से मंडी बामोरा नगर पंचायत नहीं बन पा रहा, जिससे नगरीय विकास अवरुद्ध है। निवासियों को स्कूल, अस्पताल, थाना, बैंक और पोस्ट ऑफिस जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी दोहरी व्यवस्था का सामना करना पड़ता है।
पीले रंग का गोला मंडीबामोरा से 5 किमी का परिधि क्षेत्र, जिसमें नगरीय क्षेत्र का विस्तार प्रस्तावित है।
लाल रंग की रेखा - तहसील कुरवाई और तहसील बीना की राजस्व सीमा बताती है।
काले रंग की रेखा राजस्व सीमाका 100 मीटर सकरा गलियारा बताती है, जो नीचे दाईं तरफ दिख रहा है।
तीर के निशान मंडीबामोरा से चारों तरफ विस्तार की दिशा ऊपर बमोरा की तरफ, दाईं तरफ ग्राम गंभीरिया की तरफ, नीचे बीना तहसील की तरफ, और बाईं तरफ नावरा / नगवासा की तरफ।
मंडीबामोरा चारों तरफ से कुरवाई तहसील से घिरा है, सिर्फ नीचे की तरफ थोड़ा हिस्सा (लगभग 100 मीटर) बीना तहसील से लगता है।