
विदिशा। बेरोजगारी के खिलाफ विदिशा में कलेक्ट्रेट घेरने का एलान और मंच से बैरीकेट्स तोडऩे का लक्ष्य लेेकर चले एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष विपिन वानखेड़े की पूरी टीम पुलिस की सख्ती और वाटर केनन से पानी की तेज बौछार से बिखर गई।
एनएसयूआई कार्यकर्ता बैरीकेट्स को सरका भी नहीं सके। इस बीच पुलिस ने कुछ नेताओं को आगे बढऩे से रोकने के लिए सख्ती से धर दबोच और कलेक्ट्रेट घेरने आई एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष की टीम हारकर गिरफ्तारी देने मजबूर हो गई। 54 कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ा गया।
एनएसयूआई ने बेरोजगारी को लेकर प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ 22 जून को कलेक्ट्रेट घेरने का ऐलान किया था। इसमें प्रदेशाध्यक्ष विपिन वानखेड़े और राष्ट्रीय महासचिव तथा प्रदेश प्रभारी अंकित डेडा भी शामिल हुए थे। एडीएम बंगले के सामने बने मंच पर स्वागत और भाषण से इंकार कर विपिन वानखेड़े ने ऐलान किया कि यहां कोई भाषणबाजी नहीं होगी, हमारा लक्ष्य कलेक्ट्रेट की राह में लगे पुलिस के बैरीकेट्स तोडऩा और कलेक्ट्रेट को घेरना है।
बैरीकेट्स तोडऩे में सिर्फ एनएसयूआई ही नहीं बल्कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी साथ रहें। प्रदेश प्रभारी अंकित डेडा ने कहा कि एनएसयूआई प्रदेश भर में बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। इसके बाद नारे लगाते हुए प्रदेशाध्यक्ष और उनकी पूरी टीम कलेेक्ट्रेट की तरफ दौड़ पड़ी। जनपद पंचायत कार्यालय के पास पुलिस ने बैरीकेट्स लगाकर उन्हें रोकने के पूरे इंतजाम पहले से ही कर रखे थे।
हालात बिगड़ते देखे की ये कार्रवाई...
रणनीति के तहत कार्य करते हुए बैरीकेट्स पर पुलिस ने कांग्रेसियों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन जब हालात बिगड़ते देखे तो पीछे खड़ी हुई फायर बिग्रेड को इशारा किया गया। फायर बिग्रेड से पानी की तेज बौछार होते ही भागमभाग मची और वरिष्ठ नेता शशांक भार्गव सहित कई लोग गिर पड़े। जैसे ही पानी की बौछार पड़ी, भगदड़ मच जाती, और जैसे ही पानी बंद होता तो कांग्रेसी फिर उछलकर आगे बढ़ आते।
इसी बीच मोहर सिंह ने बैरीकेट्स पर चढऩे का प्रयास किया तो वाटर केनन ने उन्हें टारगेट कर पानी की बौछार से नीचे गिरा दिया। यह क्रम कई बार चला। पुलिस अधिकारियों में सीएसपी भारत भूषण शर्मा, कोतवाली टीआई वीरेन्द्र झा, सिविल लाइन टीआई संजय चौकसे की टीम थी तो महिला पुलिस की कमान एसआई शहनाज ने संभाल रखी थी।
महिला कांग्रेस की तीखी नोंकझोंक...
वहीं महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष आशा राजपूत और कुछ अन्य महिलाओं की महिला पुलिस से तीखी नोंकझोंक हुई, लेकिन कोई भी कांगे्रसी न बैरीकेट्स को गिरा सका और न ही अंदर घुस सका। तहसीलदार राजीव कहार भी पानी की बौछार और आंदोलनकारियों की चपेट में आ गए। कुछ देर के प्रदर्शन के बाद कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए लौट आए और खुद गिरफ्तार होने का एलान किया।
इस पर प्रदेशाध्यक्ष वानखेडे और प्रभारी डेडा को अजाक थाने पहुंचाया गया, जहां उनकी गिरफ्तारी हुई और फिर जमानत पर छोड़ दिया गया।
पुलिस ने गुण्डागर्दी की- वानखेड़े
थाने में विपिन वानखेड़े ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि मप्र में युवाओं को रोजगार मिले, इसी मांग को लेकर कलेक्टर कार्यालय पर हमने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था, लेकिन सरकार के इशारों पर पुलिस ने गुण्डागर्दी करते हुए हमारे साथियों पर लाठियां चलाईं और वाटर केनन का प्रयोग किया और काफी देर तक हमें रास्तों पर घुमाते रहे, थाने भी नहीं ले गए। अब थाने लाकर जमानत पर छोड़ा गया है। विदिशा मेेे पुलिस ने गुण्डागर्दी की है। इसके खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस ने अभद्र व्यवहार किया-भार्गव
प्रदर्शन में आज पुलिस की भूमिका बेहद आपत्तिजनक रही। खासकर महिलाओं और एक बेटी के साथ में पुलिस ने अभद्र व्यवहार किया है, जिसकी कांग्रेस निंदा करती है।