
Vidisha Sagad Dam Incident: मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र में स्थित सगड़ डैम के बैक वाटर में सोमवार दोपहर नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। मौके पर मौजूद एक युवक ने तत्परता दिखाते हुए एक किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा लापता हो गया। एसडीईआरएफ की टीम ने लापता किशोर की तलाश शुरू की, लेकिन रात होने और अंधेरा बढ़ने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। मंगलवार सुबह फिर से उसकी तलाश की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम हिनोतिया माली निवासी 15 वर्षीय अंकित राजपूत और 16 वर्षीय लाखन राजपूत सोमवार दोपहर करीब एक बजे गांव से कुछ दूरी पर ही सगड़ डैम के बैक वाटर में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनोनं को डूबता देख पास में मौजूद धमेंद्र अहिरवार नाम के शख्स ने पानी में छलांग लगा दी और अंकित को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन पूरी कोशिश के बाद भी धर्मेन्द्र लाखन को बाहर नहीं ला पाया। घटना की सूचना गांव में पहुंचते ही हड़कंप मच गया और परिजनों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
डैम के बैक वाटर में युवक के डूबने की सूचना मिलते ही शमशाबाद थाना प्रभारी आशुतोष राजपूत और एसडीएम अजय पाठक मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीईआरएफ की टीम को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। मौके पर पहुंचते ही एसडीईआरएफ की टीम ने लापता लाखन की तलाश के लिए अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक टीम को सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। मंगलवार सुबह फिर से सर्चिंग शुरू की जाएगी। लाखन के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।