विदिशा

शिवराज सिंह चौहान की बड़ी घोषणा, MP में भी खुलेगा ‘टाटा मेमोरियल’ अस्पताल का ब्रांच

Shivraj Singh Chouhan- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज ने पांच संकल्प लिए। उन्होंने इसी दौरान घोषणा करते हुए कहा कि विदिशा में मामा कोचिंग और चलित अस्पताल भी शुरू होंगे।
2 min read
• •
Updated: 6 Mar 2026, 12:22 PM IST
Shivraj Singh Chouhan announced Tata Memorial Hospital branch in vidisha mp news
Union Minister Shivraj announced Tata Memorial Hospital branch (फोटो- शिवराज सिंह चौहान सोशल मीडिया हैंडल)

MP News: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने गुरुवार को विदिशा और रायसेन जिले के लिए विकास का बड़ा रोडमैप पेश किया। बेतवा तट स्थित बाढ़ वाले गणेश मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने घोषणा की कि विदिशा में कैसर के बढ़ते मरीजों की सुविधा के लिए जल्द ही टाटा मेमोरियल अस्पताल की ब्रांच शुरू की जाएगी। इसके लिए दिल्ली स्तर पर बातचीत अंतिम दौर में है। केंद्रीय मंत्री शिवराज ने अपने जन्मदिन को संकल्प दिवस के रूप में मनाते हुए पांच प्रण पर्यावरण, सेवा, सहायता, शिक्षा और प्रतिभा प्रोत्साहन का लिया। विदिशा में टाटा मेमोरियल की ब्रांच के साथ ही संसदीय क्षेत्र की सभी आठो विधानसभा क्षेत्रों में चलित अस्पताल शुरू किए जाने की योजना से भी लोगों को अवगत कराया।

मामा चलित अस्पताल होगा शुरू

उन्होंने कहा कि सांसद निधि से वह संसदीय क्षेत्र सभी विधानसभाओं में मामा चलित अस्पताल शुरू कराएंगे। इन वाहनों में आधुनिक जांच सुविधाएं और योग्य डॉक्टरों की टीम होगी। टीम गांवों में मजरे-टोलों तक जाकर निःशुल्क इलाज और परामर्श देगी। सेवा के संकल्प में विदिशा का विकास करना है। वह विदिशा विकास का प्लान तैयार कराएंगे और प्लान के अनुरूप विदिशा को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाएंगे। विदिशा के साथ दूसरे विधानसभाओं में भी कार्य होगा।

इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल वितरित किया। समर्थकों व कार्यकर्ताओं ने उन्हें पौधे भेंट किए। कार्यक्रम विदिशा विधायक मुकेश टंडन के अलावा कुरवाई विधायक हरि सिंह सप्रे, भाजपा जिलाध्यक्ष महाराज सिंह दांगी व रायसेन के भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारी शामिल रहे।

मेधावियों को मिलेंगे पुरस्कार

गणेश मंदिर में कार्यक्रम से पहले केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज ने रविन्द्र नाथ टैगोर आडिटोरियम में मेधावियों को संबोधित किया। उन्होंने अपने माता-पिता की स्मृति को सहेजने के उद्देश्य से शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए मामा कोचिंग का शुभांरभ किया। उनकी पत्नी साधना सिंह चौहान साथ मौजूद रहीं। इसी प्रकार प्रेम सुंदर प्रतिभा सम्मान की शुरुआत की। इसका उद्देश्य क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि विदिशा लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभाओं में 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। टॉपर्स को 51 हजार, 31 हजार और 21 हजार रुपए की राशि दी जाएगी। पूरे लोकसभा क्षेत्र में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष बड़े पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जाएगा।

रायसेन में भी जल्द होगा कार्यक्रम

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जल्द ही वह रायसेन जिले में एक बड़ा कार्यक्रम करेंगे। वहां कृषि क्षेत्र में विस्तार के लिए तैयार हो रहे कृषि विकास के रोडमैप की जानकारी दी जाएगी। रायसेन में जल्द ही एक मेडिकल कॉलेज भी शुरू कराया जाएगा। मंत्री ने समर्थकों के अलावा पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ फूलों की होली भी खेली। विदिशा विधायक मुकेश टंडन व कुरवाई विधायक हरिसिंह सप्रे ने गाने गए और ठुमके लगाए। (MP News)

Updated on:
6 Mar 2026, 12:22 PM IST
Published on: