
Vidisha news: मध्यप्रदेश के विदिशा शहर में नौ वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में कोतवाली थाने में दर्ज प्रकरण को लेकर आरोपी चंदू खां के बेटे तारिक खान ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। आवेदन में उसने अपने पिता को रंजिशन झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाते हुए प्रकरण में फाइनल रिपोर्ट (एफआर) लगाने की मांग की है।
एसपी के नाम दिए गए आवेदन में तारिक खान ने दावा किया है कि उसके पिता की उम्र करीब 70 वर्ष है और हाल ही में उनकी बायपास सर्जरी हुई है। उसने आरोप लगाया कि धार्मिक कट्टरता और हिंदूवादी संगठनों के दबाव में प्रकरण दर्ज कराया गया है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि कथित घटनास्थल वाला कमरा करीब छह महीने से बंद था और उसमें धूल व कबाड़ भरा हुआ है।
तारिक ने पुलिस से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कराने की मांग की है। उसका कहना है कि पीड़िता और उसका परिवार करीब एक महीने पहले ही मोहल्ले में रहने आया है और उसके पिता पीड़िता को जानते तक नहीं हैं। आवेदन में यह आरोप भी लगाया गया है कि घटना के दिन थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी और बाद में स्थानीय लोगों ने दबाव बनाकर मामला दर्ज कराया गया। आवेदन में आरोपी के आरा मशीन संचालन और लकड़ी के कारोबार से संबंधित वैधानिक अनुमतियां होने का भी उल्लेख किया गया है। साथ ही मशीन का स्थानांतरण कराने के लिए शासन के पास आवेदन लंबित होने की बात कही गई है। आवेदक ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर प्रकरण में एफआर यानी फाइनल रिपोर्ट लगाने की मांग की है।
जानकारी के लिए बता दें कि प्रशासन ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाकर मकान का अवैध निर्माण जमीदोज कर दिया है। इस मामले में सैकड़ों की तादाद में शहरवासी प्रदर्शन करते हुए आरोपी का एनाउंटर करने के साथ-साथ उसके घर पर बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। गौरतलब है कि, कोतवाली थाना इलाके में 6वीं कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद कई हिंदू संगठनों के लोग थाने पहुंचे थे और मामले में कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने इस बेहद संगीन मामले में 65 वर्षीय आरोपी चांद उर्फ चंदू के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। फिलहाल, पुलिस भी इस मामले की कारर्वाई में जुटी हुई है।