
विदिशा /मंडीबामोरा. मंगलवार की रात हैदराबाद से चलकर नईदिल्ली की ओर जाने वाली 12723 तेलांगना एक्सप्रेस बर्निंग ट्रेन बनने से बच गई। ट्रेन में धुंआ भरने से यात्रियों में अफरातफरी का माहौल बन गया। ऐसे में रेलवे गेट क्रमांक 300 पर ट्रेन को किसी यात्री ने चेन पुलिंग करके रोका। सैंकड़ों यात्री आनन-फानन में ट्रेन से उतरकर दूर जाकर खडें हो गए।
घटना रात करीब 12 बजे की है। हैदराबाद से चलकर नई दिल्ली की ओर जाने वाली तेलंगाना एक्सप्रेस के कोच एस-1 के ब्रेक बाइंडिंग में आग लगने से ट्रेन की कुछ बोगियों में धुंआ भर रहा था। यात्रियों में इस धुंए के कारण दहशत फैल गई। उन्होंने तत्काल चेन खींची और रुकते-रुकते ट्रेन रेलवे गेट क्रमांक 300 के पास जा कर रुक सकी।
ट्रेन रुकते ही यात्री उतरकर दूर जा खड़े हुए। चौतरफा दहशत का माहौल था, धुंआ बढ़ता जा रहा था। उधर खबर मिलते ही पाइंटस्मैन बलराम सेन और श्यामलाल सेन अग्निशमन यंत्र लेकर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाने में सफलता पाई। ट्रेन के टीटीई और गेटमेन अमित मौर्य ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। आग बुझने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
यात्रियों ने बताया कि यदि आज समय पर आग नहीं बुझाई जाती तो उनकी ट्रेन बर्निंग ट्रेन बन सकती थी। ट्रेन में आग लगने की खबर से भगदड़ के रूप में बाहर आए यात्री आग बुझने के बाद फिर ट्रेन में सवार हुए और ट्रेन रवाना हुई। इस घटना में करीब आधा घंटे तेलंगाना एक्सप्रेस मंडीबामोरा रुकी रही। इससे रेल व सड़क यातायात बाधित हुआ और यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
तेलांगना एक्सप्रेस में धुआं निकलने की सुचना मिली थी। जिसे मंडीबामोरा स्टेशन पर रोका जा रहा था। लेकिन यात्रियों ने इसे पहले ही चेनपुलिंग करके गेट पर ट्रेन को रोक लिया था। पाइट्मेन बलराम सेन व श्यामलाल सेन को मौके पर आग बुझाने के लिए भेजा था। आग बुझाने के बाद ट्रेन को आगे रवाना कर दिया था।
-लक्ष्मण सिंह, इंचार्ज स्टेशन मास्टर, मंडीबामोरा