
Uncle Died in Celebratory Firing- मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गई। शादी से बाराती साथ में बैठकर हंसी ठिठोली कर रहे थे कि बंदूक की गूंज ने सभी को दहशत में ला दिया। मामला लवकुश नगर का है जहां एक भांजे ने गलती से अपने मामा की जान ले ली। दरअसल, कोतवाली थाना क्षेत्र के बरईपुरा काछी मोहल्ला स्थित लवकुश नगर में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गई, जब हर्ष फायरिंग (Celebratory Firing) के दौरान देसी कट्टे से चली गोली परिवार के ही एक सदस्य को लग गई।
अचानक हुई हर्ष फायरिंग में रायसेन जिले के रहने वाले राकेश सेन को गोली लग गई। गोली लगने से राकेश की मौके पर गंभीर हालत हो गई। उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने गोली चलाने वाले छोटे भांजे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राकेश सेन अपने बड़े भांजे की शादी में शामिल होने ने विदिशा आए थे। 25 जून को बारात गई थी और 26 जून को लौटने के बाद परिवार में जश्न का माहौल था। रात में सभी लोग भोजन के बाद आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान राकेश का छोटा भांजा देसी कट्टा लेकर पहुंचा और हवाई फायर करने लगा। अचानक चली गोली सीधे राकेश को जा लगी। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी भांजे को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा भी बरामद कर लिया है। टीआई आनंद राज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में उपयोग किया गया कट्टा कहां से लाया गया था। जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। राकेश सेन चार भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं। घटना के बाद शादी वाले घर में खुशियों की जगह मातम पसरा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को पुलिस आरोपी भांजे को गिरफ्तार कर सकती है। पुलिस ये भी पता लगाने में जुट गई कि आरोपी के पास कट्टा बंदूक कहां से आई थी। आरोपी से पूछताछ के बाद मामले और भी तथ्य सामने आ सकते है।