MP News विदिशा नगरपालिका को नगर निगम बनाने की प्रक्रिया केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मांग और सीएम मोहन यादव की ओर से दिए गए आश्वासन के बाद तेज हो गई है।
vidisha nagar palika update: नगरपालिका विदिशा को नगर निगम (Vidisha Nagar Nigam) बनाने के लिए अधिकारियों की ओर से एक बार फिर कवायद शुरु कर दी गई है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) की मांग और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) की ओर से दिए गए आश्वासन के दूसरे दिन नगरपालिका में शासन को भेजे गए प्रस्ताव की स्टेटस की जानकारी ली गई। नगरपालिका की ओर से नगर निगम के यानी शत्र का नक्शा भी तैयार हो चुका है।
नगरपालिका के अधिकारियों के मुताबिक वर्तमान में 39 वार्ड वाले शहरी क्षेत्र यानी नपा क्षेत्र की संभावित आबादी 2.26 लाख है। गठित नए नगर निगम की आबादी ढाई लाख तक हो। इस मंशा से नपा की सीमा से सटी आठ ग्राम पंचायतों के 20 गांवों को नगर निगम (शहरी) सीमा में शामिल करने का निर्णय लिया गया है।
तीन से आठ किलोमीटर तक की दूरी वाले गांवों को शहरी सीमा में शामिल करने की योजना है। इसमें सर्वाधिक आबादी वाले गांव चिड़ारिया मुजफता, सौठिया, सुनपुरा, ढोलखेड़ी व बागरी गांव शामिल हैं। उम्मीद है कि जल्द ही शासन स्तर पर यहां से भेजे गए प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई शुरु की जाएगी।
विदिशा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत चिड़ारिया के चिड़ारिया मुजफता व गुरारिया हवेली गांव नगर निगम में शामिल होंगे। इसी प्रकार डाबर ग्राम पंचायत के डाबर व हस्नाबाद गांव, सॉठिया ग्राम पंचायत के सोंठिया, गेहूंखेड़ी व मुरवारा गांव, करैयाहवेली ग्राम पंचायत के करैयाहवेली, सुआखेड़ी, आमखेड़ा, रंगई, बेरखेड़ी व पड़रियामाफी गांव, सुनपुरा ग्राम पंचायत के सुनपुरा, विधन व उदयगिरी गांव, इमलिया लश्करपुर ग्राम पंचायत का ढोलखेड़ी व जीवालीपुर गांव व ग्राम पंचायत के अमाछार गांव के अलावा पूरी बागरी ग्राम पंचायत नगर निगम सीमा में शामिल हो जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सामने नगरपालिका को नगर निगम बनाने की मांग दूसरी बार रखी गई है। इससे पहले 15 जनवरी को पुरानी मंडी परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री की सभा में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीएम के सामने यह मांग रखी थी। दूसरी बार सांसद खेल महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर गुरुवार को फिर से केंद्रीय कृषि मंत्री ने यह मांग रखी है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि अगला चुनाव नगर निगम का ही होगा। (mp news)
नगरीय प्रशासन एवं शहरी विकास विभाग को नगर निगम के गठन का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। शासन व नगरपालिका स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही नगर निगम के गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।- दुर्गेश सिंह ठाकुर, सीएमओ नगरपालिका विदिशा