विदेश

जब गोली चली तो ट्रंप से पहले उपराष्ट्रपति वेंस को बाहर निकाला गया, ऐसा क्यों? अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताई पूरी बात

Firing On Donald Trump: वॉशिंगटन में एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप पर गोली चलने की घटना सामने आई, लेकिन वे सुरक्षित रहे। सीक्रेट सर्विस ने ट्रंप और मेलानिया को तुरंत बाहर निकाला।

2 min read
Apr 27, 2026
Feature image
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस। (फोटो- ANI/X)

अमेरिका के वाशिंगटन में रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर गोली चली थी। हालांकि, इस घटना में उन्हें चोट नहीं आई। उन्हें और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप को सीक्रेट सर्विस एजेंटों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जिस कार्यक्रम में गोली चली, उसमें उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत अन्य नेता भी शामिल हुए थे। फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसने अब कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

वीडियो में क्या देखा गया?

वीडियो में देखा जा रहा है कि हमले के बाद सिक्योरिटी वाले वाइस प्रेसिडेंट वेंस को उनकी कुर्सी से खींचकर एक सुरक्षित जगह पर ले जाते हैं। क्लिप में यह भी देखा गया कि वेंस के बाद प्रेसिडेंट ट्रंप को सुरक्षाकर्मी द्वारा बाहर ले जाया जाता है।

फर्क केवल कुछ सेकंड का है, लेकिन सवाल यह है कि इस सारी अफरा-तफरी के बीच, पहले वाइस प्रेसिडेंट वेंस को क्यों निकाला गया और बाद में प्रेसिडेंट ट्रंप को, ऐसा क्यों?

ट्रंप ने उठ रहे सवालों पर क्या दिया जवाब?

इस सवाल का जवाब ट्रंप ने खुद दिया है। जब एक टीवी इंटरव्यू में उनसे पूछा गया- फायरिंग शुरू होते ही वाइस प्रेसिडेंट को तुरंत कोट से पकड़कर कुर्सी से खींच लिया गया, सुरक्षाकर्मियों को आप तक (ट्रंप) पहुंचने में और 10 सेकंड लगे, बाहर निकलने में 20 सेकंड लगे, ऐसा क्यों?

इस पर ट्रंप ने जवाब दिया- मैं खुद रुककर देखना चाहता था कि क्या हो रहा है। मैं अपने सिक्योरिटी वालों से कह रहा था- 'एक मिनट रुको, एक मिनट रुको, मैं देखना चाहता हूं, क्या हो रहा है।' हालांकि जब हालात और बिगड़ते दिखे, तो ट्रंप सिक्योरिटी वालों के साथ आगे बढ़ने लगे।

स्टेज पर गिरने के सवाल पर क्या कहा?

वीडियो में यह देखा गया था कि गोलीबारी की घटना के बाद ट्रंप स्टेज पर गिर गए थे, इस बारे में सवाल पूछे जाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि वह गिरे नहीं; बल्कि, सिक्योरिटी वालों ने उन्हें झुकने को कहा था, क्योंकि हालात को देखते हुए लंबा खड़ा होना और लंबा दिखना ठीक नहीं था।

बता दें कि गोलीबारी की घटना के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब उससे हर ऐंगल से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गोलीबारी किस मकसद से की गई थी।

Updated on:
27 Apr 2026 07:57 am
Published on:
27 Apr 2026 07:52 am