विदेश

Imran Khan: इमरान खान की बहन की गिरफ्तारी पर पार्टी ने सरकार पर बोला हमला, हालात बिगाड़ने का पहला कदम बताया

Imran Khan Sister: पाकिस्तान में इमरान खान की बहन अलीमा खान को लाहौर में 30 दिनों के लिए हिरासत में लिया गया था। PTI ने गिरफ्तारी की निंदा कर तत्काल रिहाई की मांग की है।
2 min read
Sep 20, 2026
imran khan news
पाकिस्तान के पूर्व प्रधान मंत्री इमरान खान (फाइल फोटो - आईएएनएस)

Aleema Khan Arrest: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खान को लाहौर में हिरासत में लिए जाने के बाद पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने सरकार पर निशाना साधा है। IANS की रिपोर्ट के अनुसार पार्टी अध्यक्ष बैरिस्टर गोहर अली खान ने उनकी गिरफ्तारी की निंदा करते हुए तत्काल रिहाई की मांग की है। अलीमा खान को लाहौर के डिप्टी कमिश्नर के आदेश के तहत 30 दिनों के लिए मेंटेनेंस ऑफ पब्लिक ऑर्डर (MPO) कानून के तहत हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब PTI ने 27 सितंबर को इस्लामाबाद तक मार्च निकालने का ऐलान किया है। पार्टी इस मार्च के जरिए जेल में बंद इमरान खान की रिहाई समेत अपनी राजनीतिक मांगों को उठाने की तैयारी कर रही है।

गोहर अली खान बोले- ‘हालात बिगाड़ने की दिशा में पहला कदम’


PTI अध्यक्ष बैरिस्टर गोहर अली खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अलीमा खान की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए इसे हालात बिगाड़ने की दिशा में पहला कदम बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रस्तावित मार्च शांतिपूर्ण और राजनीतिक होगा। गोहर ने कहा कि PTI संवैधानिक और राजनीतिक मांगों के लिए शांतिपूर्ण संघर्ष करना चाहती है और किसी तरह के टकराव या हिंसा की समर्थक नहीं है। उन्होंने अलीमा खान को गिरफ्तार करने या MPO के तहत नजरबंद रखने को तनाव बढ़ाने वाला कदम बताया। उन्होंने अलीमा खान की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए कहा कि पार्टी आगे की रणनीति जल्द घोषित करेगी।

लाहौर DC ने 30 दिन की हिरासत का आदेश दिया


लाहौर के डिप्टी कमिश्नर के आदेश के मुताबिक, अलीमा खान को 30 दिनों के लिए हिरासत में रखने का निर्देश दिया गया है। आदेश में उनके ड्राइवर मोहम्मद आमिर की हिरासत का भी जिक्र है। प्रशासन ने यह कार्रवाई सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं के आधार पर की है।

TTAP ने भी गिरफ्तारी का विरोध किया


तेहरीक तहफ्फुज-ए-आईन पाकिस्तान (TTAP) ने भी अलीमा खान की हिरासत की निंदा की है। संगठन ने इसे राजनीतिक कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों के खिलाफ चल रही कार्रवाई को और बढ़ाने वाला कदम बताया। TTAP ने कहा कि अलीमा खान के खिलाफ कोई आरोप नहीं होने के बावजूद उन्हें 3-MPO के तहत हिरासत में लिया गया है। संगठन के मुताबिक, इस कार्रवाई से राजनीतिक कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों में डर का माहौल पैदा हुआ है। TTAP ने अलीमा खान और अन्य राजनीतिक कार्यकर्ताओं की तत्काल रिहाई की मांग की है।

Updated on:
20 Sept 2026 08:53 pm
Published on:
20 Sept 2026 08:43 pm