विदेश

अमेरिका में गोलीबारी से 7 लोगों की मौत, घरेलू विवाद से जुड़ा मामला

US Gun Violence: अमेरिका के आयोवा राज्य के मस्कटाइन शहर में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने तीन स्थानों पर गोलीबारी कर छह लोगों की हत्या की और बाद में खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

2 min read
Jun 02, 2026
America Iowa Shooting
अमेरिका में गोलीबारी से 7 लोगों की मौत (X)

America Iowa shooting: अमेरिका के आयोवा राज्य के मस्कटाइन शहर में सोमवार को घरेलू विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, 52 साल का रयान विलिस मैकफार्लैंड नामक व्यक्ति ने तीन अलग-अलग स्थानों पर गोली चलाकर छह लोगों की हत्या की और बाद में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

12 बजे हुई घटना

मस्कटाइन पुलिस विभाग को दोपहर करीब 12:12 बजे गोलीबारी की सूचना मिली थी। पुलिस अधिकारियों और आपातकालीन चिकित्सा टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एक घर के अंदर जांच के दौरान चार लोगों के शव बरामद किए गए, जिन्हें गोली लगी हुई थी। प्रारंभिक जांच से पता चला कि यह घटना घरेलू विवाद से जुड़ी थी और सभी पीड़ित संदिग्ध के परिवार के सदस्य थे।

संदिग्ध आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले फरार

पुलिस अधीक्षक एंथोनी कीस ने बताया कि संदिग्ध मैकफार्लैंड पुलिस के पहुंचने से पहले घर से फरार हो गया था। कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने उसे रिवरफ्रंट ट्रेल क्षेत्र में पैदल यात्री पुल के पास खुद को गोली लगे हालत में पाया। अधिकारियों ने तुरंत चिकित्सा सहायता दी, लेकिन उसे मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया।

जांच के दौरान शव बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने एक अन्य घर में एक वयस्क पुरुष और एक कारोबार स्थल पर भी एक वयस्क पुरुष का शव बरामद किया। अधीक्षक कीस ने इन सभी मामलों को आपराधिक कृत्य बताया। उन्होंने बताया कि संदिग्ध रयान विलिस मैकफार्लैंड का आपराधिक रिकॉर्ड भी था।

पीड़ितों की पहचान अभी गुप्त

पुलिस ने अभी तक पीड़ितों के नाम और उम्र सार्वजनिक नहीं किए हैं। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। यह घटना मस्कटाइन शहर में घरेलू हिंसा और बंदूक संस्कृति से जुड़ी हिंसा की एक और दुखद मिसाल बन गई है। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

पहले भी सामने आए कई ऐसे मामले

अमेरिका में गन वायलेंस एक लंबे समय से गंभीर सामाजिक समस्या बनी हुई है, जहां हर साल हजारों लोग गोलीबारी की घटनाओं में मारे जाते हैं या घायल होते हैं। इनमें घरेलू झगड़ों से लेकर गैंग हिंसा और कई बार बड़े पैमाने पर होने वाली मास शूटिंग्स भी शामिल होती हैं, जो कभी-कभी स्कूलों, मॉल या सार्वजनिक जगहों पर होती हैं।