विदेश

बलूच लिबरेशन आर्मी ने बढ़ाई पाकिस्तान की मुसीबत, बनाई खुद की नौसेना, 3 जवान मार गिराए

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान की मुसीबत बढ़ा दी है। बलूच लिबरेशन आर्मी ने दावा किया है कि उसने अपनी नौसेना तैयार कर ली है।
2 min read
Apr 15, 2026
Baloch Liberation Army
बलूच लिबरेशन आर्मी (Source: The Dawn)

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसने अब समुद्र में भी अपनी ताकत बढ़ा ली है। BLA ने कहा कि उसने अपना एक नया नौसैनिक विंग बनाया है, जिसका नाम हम्माल मैरिटाइम डिफेंस फोर्स (HMDF) रखा गया है। BLA ने अपने इस कदम का उद्देश्य बलूचिस्तान के समुद्री क्षेत्रों की रक्षा करना बताया है।

BLA ने 3 पाकिस्तानी जवानों को मार गिराया

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बड़ा दावा किया है। द बलूचिस्तान पोस्ट के मुताबिक, BLA के प्रवक्ता जियांद बलोच ने कहा कि उन्होंने हम्माल मैरिटाइम डिफेंस फोर्स (HMDF) के नाम से नौसैनिक यूनिट तैयार की है। इस नई यूनिट ने अपनी पहली कार्रवाई ग्वादर के पास जिवानी इलाके में की है।

HMDF ने दावा किया उनके लड़कों ने मील तियाब नाम की जगह पर पाकिस्तानी नौसेना के एक गश्ती जहाज को निशाना बनाया है। इस पाकिस्तानी गश्ती जहाज पर सवार 3 जवानों की मौत हो गई है। संगठन का यह भी कहना है कि हमला करने के बाद उसके सभी लड़ाके सुरक्षित लौट गए।

अब समुद्र में ऑपरेशन की रणनीति

बलूच लिबरेशन आर्मी ने अपने बयान में कहा कि अब तक वह जमीन पर हमले करता था, लेकिन अब समुद्र में भी ऑपरेशन करना उसकी रणनीति में बड़ा बदलाव है। संगठन ने यह भी कहा कि वह समुद्री रास्तों से होने वाले संसाधनों के इस्तेमाल को रोकना चाहता है और तटीय इलाकों पर अपनी पकड़ मजबूत करेगा। BLA ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें 4 नकाबपोश लोग समुद्र की ओर जाते हुए और एक स्पीडबोट पर चढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इन सभी दावों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

क्या है बलूच लिबरेशन आर्मी?

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय एक प्रमुख और प्रतिबंधित अलगाववादी आतंकवादी संगठन है। यह संगठन पाकिस्तान से बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की मांग करता है। यह समूह पाकिस्तानी सेना, पुलिस, बुनियादी ढांचे और चीनी हितों (विशेष रूप से ग्वादर पोर्ट) को निशाना बनाकर हिंसक हमले करता है। BLA बलूचिस्तान क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों पर स्थानीय लोगों के अधिकार का दावा करता है।

BLA ने साल 2026 की शुरुआत में 'ऑपरेशन हेरॉफ' के तहत कई हमले किए। इन हमलों में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया गया। वैश्विक स्तर पर BLA को पाकिस्तान, ब्रिटेन, अमेरिका, चीन और रूस एक आतंकवादी संगठन मानते हैं। बलूच लिबरेशन आर्मी के लड़ाके गोरिल्ला युद्ध रणनीति पर हमला करते हैं। वे मुख्य रूप से IED विस्फोट, आत्मघाती हमले और अन्य तरीकों से सुरक्षा ठिकानों पर हमला करते हैं।

Updated on:
15 Apr 2026 01:49 am
Published on:
15 Apr 2026 01:49 am