विदेश

बलूचिस्तान में कोहराम: विद्रोहियों के हमले में मेजर समेत 10 पाकिस्तानी सैनिक ढेर, बुनियादी ढांचे को भी बनाया निशाना

Balochistan Attack 2026: बलूचिस्तान में बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सेना पर बड़ा हमला करते हुए मेजर समेत 10 सैनिकों को मार गिराया है। पाकिस्तान में पांच दिनों के भीतर यह तीसरा बड़ा आतंकी हमला है।
2 min read
May 15, 2026
Balochistan Attack 2026
Balochistan Attack 2026 (Image: ANI)

Balochistan Attack: पाकिस्तान में बलूच विद्रोहियों और पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के बीच हुई ताजा मुठभेड़ों में एक मेजर रैंक के अधिकारी समेत कम से कम 10 सैनिकों के मारे जाने की खबर है। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) और बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) ने पूरे प्रांत में सुनियोजित घात लगाकर ये हमले किए हैं, जिससे पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चमालंग इलाके में पाकिस्तानी सेना जब एक 'इंटेलिजेंस-बेस्ड ऑपरेशन' चला रही थी, तभी बीएलए लड़ाकों ने सेना की टुकड़ी को घेर लिया। इस भीषण गोलाबारी में मेजर तौसीफ और उनके साथ 10 अन्य सुरक्षाकर्मी मौके पर ही मारे गए। बीएलए ने इस हमले के लिए भौगोलिक स्थिति का बखूबी इस्तेमाल किया, जिससे सेना को संभलने का मौका नहीं मिला। दूसरी ओर, पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने बरखान जिले में सात लड़ाकों को मार गिराने का दावा किया है।

सैन्य काफिले से कम्युनिकेशन टावर तक हमला

बीएलएफ के प्रवक्ता मेजर ग्वाहरम बलूच के अनुसार, सुराब जिले में सैन्य काफिले पर रॉकेट और ऑटोमैटिक हथियारों से किए गए हमले में दो गाड़ियां तबाह हो गईं और 10 सैनिक मारे गए। इसके अलावा, विद्रोहियों ने संचार और बिजली ढांचे को भी निशाना बनाया है। कोलवाह में एक कम्युनिकेशन टावर को आग के हवाले कर दिया गया, वहीं मस्तुंग में पुलिस गश्ती टीम को बंधक बनाकर हथियार छीन लिए गए।

बिजली ढांचे पर भी विद्रोहियों का हमला

बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स ने नसीराबाद जिले के मीरवाह इलाके में विस्फोटक लगाकर दो बिजली ट्रांसमिशन टावरों को उड़ा दिया। ये टावर उच्छ पावर प्लांट से क्वेटा को बिजली सप्लाई करते थे। प्रवक्ता दोस्तैन बलोच ने चेतावनी दी है कि जब तक 'बलूचिस्तान की आजादी' का लक्ष्य पूरा नहीं होता, आर्थिक और बुनियादी ढांचे पर ऐसे हमले जारी रहेंगे।

सेना का जवाबी अभियान जारी

सुरक्षा बलों का दावा है कि बरखान जिले के नोशाम इलाके में बलूचिस्तान फ्रंटियर कॉर्प्स के साथ मिलकर एक बड़ा संयुक्त अभियान चलाया। सेना का दावा है कि मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। हालांकि, सेना द्वारा मारे गए लड़ाकों की संख्या और अपने जवानों की शहादत के बीच इलाके में तनाव चरम पर है।

पांच दिनों में तीसरा बड़ा हमला

इसके पूर्व पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके में मंगलवार खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले में आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरा ऑटोरिक्शा उड़ा दिया, जिसमें कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में कम से कम दो पुलिसकर्मी भी थे। शनिवार को भी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में पुलिसकर्मियों पर घात लगाकर हमला किया गया था। इमसें 15 पुलिसकर्मी मारे गए थे। इसके बाद अब ब्लूचिस्तान में गुरुवार को 10 जवान मारे गए हैं।

Updated on:
15 May 2026 03:52 am
Published on:
15 May 2026 03:52 am