
Bangladesh Violence: बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अब उपद्रवियों ने विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के सिलहट स्थित घर को निशाना बनाया है। शुक्रवार सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच उनके घर के बाहर कपड़ों के टुकड़ों में आग लगा दी गई। घटना के समय मंत्री वहां मौजूद नहीं थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, आग घर के अंदर तक नहीं पहुंची और किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।
बांग्लादेश में राजनीतिक हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। कुछ अज्ञात लोगों ने सिलहट शहर के दरियापारा इलाके में विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के घर के बाहर आग लगा दी। 'प्रथम आलो' की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना शुक्रवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई। कुछ लोगों ने घर के मुख्य गेट के सामने कपड़ों के टुकड़ों में आग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सिलहट मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर अफजल हुसैन ने बताया कि घर के मुख्य गेट के सामने कपड़ों के कुछ टुकड़ों में आग लगाई गई थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि आग घर के अंदर तक नहीं पहुंची। मकान या वहां रखे सामान को भी कोई नुकसान नहीं हुआ। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग लगाने वाले लोग कौन थे और इस घटना के पीछे उनका मकसद क्या था।
स्थानीय लोगों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मकान में हुमायूं कबीर के चाचा और परिवार के अन्य सदस्य रहते हैं। जब भी विदेश मामलों के राज्य मंत्री सिलहट आते हैं तो इसी घर में ठहरते हैं। घटना के समय हुमायूं कबीर घर पर मौजूद नहीं थे। रिपोर्ट के अनुसार, उनका शुक्रवार दोपहर सिलहट पहुंचने का कार्यक्रम था। घटना के बाद सिलहट विकास प्राधिकरण के चेयरमैन रेजाउल हसन कोयेस लुधी भी शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मौके पर पहुंचे। वह सिलहट शहर BNP के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने घटना के बारे में कहा कि वहां कोई बड़ी आगजनी नहीं हुई और न ही कोई व्यक्ति घर के अंदर दाखिल हुआ। उनके मुताबिक, किसी ने वहां से गुजरते हुए कुछ चीज घर के सामने फेंकी थी।