
Russia Ukraine War: काला सागर में आज फिर दो कमर्शियल जहाजों पर हमले का मामला सामने आया है। ताजा घटना से रूस-यूक्रेन युद्ध और विकराल रूप ले सकता है। यह हादसा बुल्गारिया (Bulgaria) के ब्लैक सी एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन (EEZ) में हुआ। यह उसके जोन में जहाजों पर हुए हमले का पहला मामला है।
दोनों जहाज तुर्की के बताए जा रहे हैं। इन दोनों पर ड्रोन से हमला हुआ, जिससे एक जहाज पानी में डूब गया है और उसके क्रू मेंबर्स भी लापता हैं। इसके अलावा दूसरे जहाज पर आग लग गई थी, लेकिन इस पर सवार सभी 18 नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
बुल्गारिया के मैरीटाइम आउटलेट की रिपोर्ट के अनुसार, बुल्गारिया के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन में जहाजों पर यह पहला हमला था। हमले के बाद प्रधानमंत्री रूमेन रादेव ने रक्षा, गृह और सुरक्षा अधिकारियों के साथ एक इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। वहीं रॉयटर्स कि रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति इलियाना इयोतोवा के कार्यालय ने एक ईमेल में इस घटना को नाटो (NATO) के सदस्य देश में हुए हमले की पुष्टि की। बुल्गारिया साल 2004 में नाटो का सदस्य बना था।
टोगो के ध्वज वाला कमर्शियल जहाज 'अल्फा वतन' गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होकर बुल्गारियाई तट के पूर्व में डूब गया। इसके सभी सदस्य लापता हैं। वहीं दूसरे जहाज 'एबल' में आग लग गई और उसके 18 क्रू मेंबर को बचा लिया गया, जिनमें से कुछ घायल हैं। वार्ना स्थित मैरीटाइम रेस्क्यू कोआर्डिनेशन सेंटर के निदेशक रूमेन निकोलोव ने इसकी जानकारी दी।
इस घटना से एक दिन पहले रोमानिया के पास अनाज से भरे एक जाहज पर हमला किया गया था। इस हमले में चालक दल के दो सदस्यों की मौत हो गई और 11 अन्य लोगों को बचा लिया गया था। तुर्की के मालिकाना हक वाला रोयाद मम्मादोव जहाज यूक्रेन का गेहूं लेकर इटली जा रहा था, तभी उसमें आग लग गई और वह रोमानिया के पास डूब गया। रोमानियाई मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक उस पर भी ड्रोन से हमला हुआ था।
बुल्गारिया की राष्ट्रपति इलियाना इयोतोवा के कार्यालय ने बताया कि बुल्गारिया के ब्लैक सी इकोनॉमिक जोन में दो जहाजों पर ड्रोन से हमला हुआ है, हालांकि उन्होंने ज्यादा ब्योरा नहीं दिया। ड्रोन कहां से आए थे, इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है। रूस और यूक्रेन के बीच जारी ड्रोन युद्ध के कारण काला सागर में जहाजों की आवाजाही लगातार खतरनाक होती जा रही है।