यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की (Volodymyr Zelenskyy) ने इस हमले के लिए रूस को ज़िम्मेदार ठहराया है। ज़ेलेन्स्की ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "न्यूट्रल पानी में तुर्की के एक नागरिक जहाज पर दो रूसी ड्रोनों ने भयानक हमला किया। इस जहाज पर मक्का (अनाज) लदा हुआ था और इसमें अज़रबैजानी और भारतीय नागरिक सवार थे। अफसोस की बात है कि अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक जहाज के कैप्टन की मौत हो गई है। मेरी संवेदनाएं। एक और व्यक्ति के बारे में अभी पता लगाया जा रहा है। 11 क्रू सदस्यों को बचाया गया, जिनमें से एक घायल है। यूक्रेन ने बार-बार तनाव कम करने और काला सागर में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने का प्रस्ताव दिया है। तीसरे देशों की ओर से भी ऐसे प्रस्ताव आए हैं। लेकिन रूस हमेशा सामान्य समुद्री आवाजाही के बजाय आतंक फैलाने और नागरिक जहाज़ों को डुबोने का रास्ता चुनता है। वैश्विक खाद्य सुरक्षा को बहाल करने के लिए दबाव बनाने की ज़रूरत है। जो कोई भी सच में इसमें दिलचस्पी रखता है, उसे इसमें मदद करनी चाहिए।"