Nigeria Blast: नाइजीरिया का मैदुगुरी शहर में सोमवार को तीन बम धमाके हुए। इन धमाकों में कई लोगों की मौत हो गईं।
बम धमाकों (Bomb Blasts) से नाइजीरिया (Nigeria) दहल उठा। सोमवार को नाइजीरिया के बोर्नो (Borno) राज्य के मैदुगुरी (Maiduguri) शहर में तीन बम धमाकों के मामले सामने आए, जिनसे हाहाकार मच गया। बम धमाके यूनिवर्सिटी ऑफ मैदुगुरी टीचिंग हॉस्पिटल के प्रवेश द्वार पर, पोस्ट ऑफिस मार्केट में और मंडे मार्केट में हुए। बताया जा रहा है कि तीनों बम धमाके आत्मघाती बम धमाके थे।
नाइजीरिया के बोर्नो के मैदुगुरी में हुए बम धमाकों से कई लोगों की मौत हो गईं। जगह-जगह लाशें बिछ गईं। मृतकों की संख्या की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बताया जा रहा है कि कई लोग इन धमाकों में मारे गए हैं।
इन बम धमाकों की वजह से बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घायलों की संख्या 100 से ज़्यादा हो सकती है। घायलों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। ऐसे में मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
फिलहाल किसी ने भी इन बम धमाकों की ज़िम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि यह बात भी छिपी नहीं है कि मैदुगुरी बोको हराम (Boko Haram) और ISWAP जैसे आतंकी संगठनों का गढ़ रहा है, लेकिन पिछले कुछ सालों में इनकी गतिविधियों में कमी आई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।